कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्र सलबा का किया निरीक्षण, अमानक धान मिलने पर हुई धान वापसी नोडल अधिकारी भी लगातार कर रहे निरीक्षण
kamrun nisha


कोरिया 09 दिसम्बर 2021/ कलेक्टर श्याम धावड़े ने आज धान खरीदी केंद्र सलबा का निरीक्षण किया। इस दौरान एक किसान द्वारा लाये गए धान की जांच की गई। धान में नमी और अमानक पाए जाने पर धान को वापस किया गया। कलेक्टर ने समिति प्रबंधक को फटकार लगाते हुए धान की गुणवत्ता की कड़ाई से नज़र रखने कहा। इसके साथ ही उन्होंने बारदाना में स्टेंसिल लगाने, स्टैकिंग और तौल के संबंध में निर्देशित किया। इस दौरान एसडीएम श्री ज्ञानेंद्र ठाकुर, एवं राजस्व अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
नोडल अधिकारी भी लगातार कर रहे निरीक्षण –
कलेक्टर धावड़े के निर्देश पर नोडल अधिकारियों द्वारा लगातार धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। धान खरीदी केंद्र सोनहत में श्री आर. बी. तिवारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बारदाना की उपलब्धता, आर्द्रता मापी मशीन के संचालन एवं समिति में किसानों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि समिति में 81 किसानों का टोकन काटा गया। दो बोरे में पुराना धान मिलने पर कार्यवाही करते हुए धान को वापस किया गया। उपार्जन केंद्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम के द्वारा टीकाकरण भी किया जा रहा है। इसी तरह धान खरीदी केंद्र पोड़ी और जिल्दा में जिला आयुर्वेद अधिकारी अरविन्द नारायण सिंह ने धान खरीदी का निरीक्षण किया।
धान खरीदी केंद्र पटना और गिरजापुर में डीपीएम सुश्री रंजना पैकरा ने धान खरीदी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से चर्चा भी की। 40 बोरा धान अमानक मिलने पर कार्यवाही करते हुए धान को वापस किया गया।
बंजारीडांड में किसानों के स्वल्पाहार के लिए बिहान की महिलाओं ने लगाया स्टॉल-
सहायक पंजीयक सहकारिता द्वारिका नाथ ने धान उपार्जन केंद्र बंजारीडांड का निरीक्षण किया। उपार्जन केंद्र बंजारीडांड में बंजारी स्व सहायता समुह की महिलाओं द्वारा किसानों को स्वल्पाहार की सुविधा के लिए कैंटीन लगायी गयी है। समूह की महिलाओं ने बताया कि अब तक उन्हें 35 सौ रुपये तक की आमदनी हो चुकी है।
