कोरियाछत्तीसगढ़रायपुर

प्रशासन की मर्मस्पर्शी पहल: लकवाग्रस्त कर्मी समारोह में नहीं आ सके, तो घर पहुंचकर सौंपा गया पेंशन आदेश

kamrun nisha

प्रशासन की मर्मस्पर्शी पहल: लकवाग्रस्त कर्मी समारोह में नहीं आ सके, तो घर पहुंचकर सौंपा गया पेंशन आदेश
कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर वरिष्ठ कोषालय अधिकारी ने घर जाकर वन कर्मी दिलराज दास को दिए सेवांत लाभ
जगदलपुर, 30 जनवरी 2026/ बस्तर जिला प्रशासन ने शुक्रवार को सुशासन के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं की एक ऐसी मिसाल पेश की, जिसने सभी का दिल जीत लिया। कलेक्टोरेट के आस्था कक्ष में जहां एक ओर 16 सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों का विदाई समारोह चल रहा था, वहीं प्रशासन की चिंता उस एक कर्मचारी के लिए भी थी जो अपनी शारीरिक विवशता के कारण इस सम्मान समारोह में उपस्थित नहीं हो सके।
वन विभाग में कार्यरत श्री दिलराज दास के लिए आज का दिन उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव था, लेकिन दुर्भाग्यवश सेवानिवृत्ति से कुछ ही दिन पूर्व उन्हें लकवा (पैरालिसिस) का आघात लगा। इस अस्वस्थता के कारण वे चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ हो गए। श्री दास की प्रबल इच्छा थी कि वे कलेक्टोरेट में आयोजित अपने विदाई समारोह में शामिल हों और साथियों के साथ इस पल को साझा करें, किंतु खराब स्वास्थ्य ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया।
जब यह विषय कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के संज्ञान में आया, तो उन्होंने तत्काल संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक अनुकरणीय निर्णय लिया। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि कर्मचारी अस्वस्थता के कारण प्रशासन तक नहीं आ सकता, तो प्रशासन उनके द्वार तक जाएगा। उन्होंने वरिष्ठ कोषालय अधिकारी श्री अनिल कुमार पाठक को निर्देशित किया कि वे स्वयं श्री दिलराज दास के निवास पर जाएं और उन्हें सम्मानपूर्वक उनके सभी भुगतान आदेश सौंपें।
कलेक्टर के निर्देश का तत्परता से पालन करते हुए वरिष्ठ कोषालय अधिकारी श्री अनिल कुमार पाठक श्री दिलराज दास के घर पहुंचे। वहां उन्होंने अस्वस्थ श्री दास का हाल-चाल जाना और उन्हें घर पर ही पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) सहित अन्य सभी स्वत्वों के भुगतान आदेश सौंपे। प्रशासन द्वारा घर आकर दी गई इस राहत और सम्मान से श्री दास और उनके परिजन बेहद भावुक नजर आए। इस पहल ने यह साबित कर दिया कि बस्तर जिला प्रशासन अपने हर कर्मचारी के सुख-दुख में पूरी जिम्मेदारी और आत्मीयता के साथ खड़ा है।
इस अवसर पर सहायक कोषालय अधिकारी सुश्री ममता ध्रुव सहित कोषालय के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *