ग्रामीण विकास के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का ध्यान रखें एजेंसियां – योगेन्द्र श्रीवास
कमरून निशा
ग्रामीण विकास के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का ध्यान रखें एजेंसियां – श्री योगेन्द्र श्रीवास
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने औचक निरीक्षण कर देखी निर्माण कार्यों की प्रगति
कोरिया – कोरिया जिले में विकास के लिए हो रहे प्रत्येक निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के लिए निरंतर निगरानी की जा रही है। कलेक्टर कोरिया श्रीमती रोक्तिमा यादव ने सभी अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति व गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसी तारतम्य में बुधवार को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री योगेन्द्र श्रीवास द्वारा जनपद बैकुंठपुर अंतर्गत कई ग्राम पंचायतों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। अपने औचक निरीक्षण के तहत उन्होने बैकुण्ठपुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत अमरपुर, सलवा, सलका, कंचनपुर एवं बुढ़ार में विकसित भारत जीरामजी योजनांतर्गत कराए जा रहे विकास कार्यों का जायजा लिया और संबंतिधों को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए।
प्रगतिरत निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण
कलेक्टर कोरिया के निर्देशन में जनपद पंचायत बैकुण्ठपुर के कई ग्राम पंचायतों के औचक निरीक्षण में निकले जिला पंचायत सीईओ श्री योगेन्द्र श्रीवास ने सबसे पहले ग्राम पंचायत अमरपुर पहुंचकर यहां बन रहे आंगनबाड़ी केंद्र का जायजा लिया। समय पर कार्य पूर्णता के निर्देश देने के बाद उन्होने अमरपुर में जल संरक्षण के लिए हो रहे कंटूर ट्रेंच कार्य का भी अवलोकन किया। अमरपुर के बाद सीईओ ने ग्राम पंचायत सलबा में बन रहे बालिका शौचालय निर्माण कार्य, ग्राम पंचायत बोड़ार के आंगनबाड़ी भवन तथा कंटूर ट्रेंच कार्य का अवलोकन किया। इसके पश्चात उन्होने ग्राम पंचायत कंचनपुर पहुंचकर वहां विद्यालयीन परिसर में बन रहे सर्वसुविधा युक्त प्रगतिरत बालिका शौचालय निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
गुणवत्ता के साथ समय-सीमा का रखें ध्यान
अपने निरीक्षण के दौरान विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का आंकलन करते हुए जिला पंचायत सीईओ श्री योगेन्द्र श्रीवास ने कहा कि प्रत्येक निर्माण कार्य ग्राम पंचायत के लिए एक संसाधन की तरह होता है। उन्होने संबंधित अधिकारियों को सतत पर्यवेक्षण और मूल्यांकन करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए एजेंसियां समय-सीमा में सभी कार्य पूर्ण कराएं जिससे आम नागरिकों की सहूलियत बढ़ सके।

