डॉ. रामचंद्र सिंहदेव की प्रतिमा का अनावरण करेंगे मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल

kamrun nisha

डॉ. रामचंद्र सिंहदेव की प्रतिमा का अनावरण करेंगे मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल
10.99 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों का होगा भूमिपूजन
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल 13 फरवरी को कोरिया जिला प्रवास पर रहेंगे। कोरिया कुमार के नाम से विख्यात प्रदेश के प्रथम वित्तमंत्री स्व. डॉ. रामचंद्र सिंहदेव की जयंती के अवसर पर 13 फरवरी को मुख्यमंत्री श्री बघेल जिला मुख्यालय बैकुंठपुर पहुंचेंगे।
कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री श्री बघेल का रामानुज हायर सेकंडरी स्कूल स्थित मिनी स्टेडियम के हेलीपैड पर आगमन होगा। यहां से मुख्यमंत्री घड़ी चौक पहुंचकर चौक में स्थापित की गई डॉ सिंहदेव की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। साथ ही नगरपालिका परिषद बैकुंठपुर हेतु 7.63 करोड़, नगरपालिका परिषद शिवपुर-चरचा हेतु 2.86 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों सहित 50 लाख की लागत के बैकुंठपुर सर्व आदिवासी समाज सामुदायिक भवन का भूमिपूजन भी करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री स्व. डॉ. सिंहदेव के समाधि स्थल पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत, गृह, लोक निर्माण एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्री टी एस सिंहदेव, कृषि एवं जैव प्रौद्योगिकी, जल संसाधन मंत्री श्री रविन्द्र चौबे, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ प्रेमसाय सिंह टेकाम, खाद्य मंत्री श्री अमरजीत भगत, सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत, संसदीय सचिव एवं बैकुंठपुर विधायक श्रीमती अंबिका सिंहदेव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.