पात्र हितग्राहियों के सपनों के आशियाने को पूरा करने के लिए प्रशासन हर मदद को तैयार- डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी
kamrun nisha.

पात्र हितग्राहियों के सपनों के आशियाने को पूरा करने के लिए प्रशासन हर मदद को तैयार- डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी
जनचौपाल लगाकर आवास हितग्राहियों से संवाद, समस्याओं का मौके पर निराकरण
कोरिया, नवम्बर 2025/
प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप वंचित वर्ग के हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सुविधायुक्त पक्का मकान उपलब्ध कराने हेतु कोरिया जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर कोरिया श्रीमती चंदन त्रिपाठी के निर्देशन में जनहितकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की प्रक्रिया लगातार जारी है।
इसी क्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के उद्देश्य से जनचौपालों का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर के निर्देश पर गत दिवस जिला पंचायत कोरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने कई ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर निर्माणाधीन आवासों की गुणवत्ता का निरीक्षण किया तथा हितग्राहियों से सीधा संवाद किया।
ग्राम पंचायत आनी में डॉ. आशुतोष ने हितग्राहियों श्रीमती सुखनी बाई पति शिवरतन, रामचन्द्र, बिजेन्द्र, रीना पति लाल और पवनसाय दरोगा के निर्माणाधीन आवासों का अवलोकन किया तथा तकनीकी टीम से कार्य की गुणवत्ता की विस्तृत जानकारी ली। आयोजित जनचौपाल में उन्होंने हितग्राहियों से आवश्यक संसाधनों, तकनीकी सहयोग और निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं पर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि ‘निर्माण में किसी भी प्रकार की दिक्कत आने पर हितग्राही ग्राम पंचायत सचिव, सरपंच या तकनीकी सहायक से तुरंत संपर्क कर सहायता प्राप्त करें। प्रशासन सभी के पक्के आवास शीघ्र पूर्ण कराने के लिए प्रतिबद्ध है।’
इसके पश्चात उन्होंने ग्राम पंचायत महोरा में भी आवास कार्यों की समीक्षा की और जनचौपाल लगाकर हितग्राहियों से संवाद किया। तकनीकी टीम को प्रत्येक आवास का साप्ताहिक निरीक्षण कर संसाधनों की उपलब्धता की पुष्टि करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राही जल्द से जल्द अपने सपनों के आशियाने में रहना प्रारंभ करें, यही प्रशासन की प्राथमिकता है।
विदित हो कि कलेक्टर कोरिया के मार्गदर्शन में प्रत्येक ग्राम पंचायत में नियमित रूप से जनचौपाल आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे आवास निर्माण में तेजी लाने तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में निरंतर मदद मिल रही है।

