27 वर्षों की निष्कलंक सेवा का सम्मान: पुलिस अधीक्षक कोरिया को राष्ट्रपति पुरस्कार पुलिस पदक, पत्रकार संघ ने साल-श्रीफल भेंट कर किया भव्य अभिनंदन
kamrun nisha

कोरिया।
कोरिया जिले के पुलिस अधीक्षक को उनके 27 वर्षों के दीर्घ, अनुशासित एवं उत्कृष्ट सेवाकाल के दौरान किए गए सराहनीय कार्यों के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार पुलिस पदक से सम्मानित किए जाने पर जिले में हर्ष और गौरव का वातावरण है। इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संयुक्त रूप से पुलिस अधीक्षक से सौजन्य भेंट कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर संघ के संभागीय अध्यक्ष राजेश राज गुप्ता, संभागीय महासचिव खगेन्द्र यादव, कोरिया जिला अध्यक्ष कमरुन निशा, एमसीबी जिला अध्यक्ष राज कुमार केशरवानी एवं संघ सदस्य शैलेश गुप्ता उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने परंपरागत तरीके से साल एवं श्रीफल भेंट कर पुलिस अधीक्षक का सम्मान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पत्रकार संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस अधीक्षक का यह सम्मान केवल एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे पुलिस विभाग और कोरिया जिले के लिए गौरव की बात है। 27 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण, आमजन की सुरक्षा, संवेदनशील मामलों के निष्पक्ष निराकरण तथा प्रशासन और जनता के बीच विश्वास कायम करने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। उनकी कार्यशैली अनुशासन, पारदर्शिता और मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण रही है।

संघ पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी कर्तव्य पथ पर डटे रहकर सेवा करना आसान नहीं होता, लेकिन पुलिस अधीक्षक ने अपने पूरे सेवाकाल में निष्ठा, ईमानदारी और साहस के साथ दायित्वों का निर्वहन किया है, जिसका प्रतिफल आज राष्ट्रपति पुरस्कार पुलिस पदक के रूप में उन्हें मिला है।
वहीं सम्मान स्वीकार करते हुए पुलिस अधीक्षक ने पत्रकार संघ का आभार व्यक्त किया और कहा कि “यह सम्मान मेरे लिए अत्यंत गर्व का विषय है। यह पुरस्कार मेरे 27 वर्षों के सेवाकाल में किए गए परिश्रम, अनुशासन और निरंतर तपस्या का फल है। इसमें मेरे वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मी पुलिसकर्मियों और आम जनता के सहयोग की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। यह सम्मान मुझे आगे भी और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगा।”
।

सभी ने पुलिस अधीक्षक के स्वस्थ, सफल एवं प्रेरणादायी सेवाकाल की कामना की। यह सम्मान समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें पत्रकारिता और प्रशासन के बीच सकारात्मक समन्वय का संदेश भी दिया गया
