त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026: बैकुंठपुर जनपद पंचायत के 23 मतदान केंद्रों पर 1 जून को होगा मतदान

kamrun nisha

त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026: बैकुंठपुर जनपद पंचायत के 23 मतदान केंद्रों पर 1 जून को होगा मतदान

कोरिया, मई 2026/ त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 के अंतर्गत जनपद पंचायत बैकुंठपुर की 11 ग्राम पंचायतों में 08 पंच पदों एवं 01 जनपद पंचायत सदस्य पद के लिए 01 जून 2026 को मतदान संपन्न कराया जाएगा।

निर्वाचन प्रक्रिया के लिए गठित मतदान दलों को उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), एसडीओपी, रिटर्निंग ऑफिसर, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर अधिकारी उपस्थित रहे।

उप निर्वाचन हेतु कुल 23 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 01 जून 2026 को प्रातः 7 बजे से अपराह्न 3 बजे तक मतदान होगा। निर्वाचन में कुल 6,639 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 3,386 पुरुष मतदाता एवं 3,253 महिला मतदाता शामिल हैं।

मतदान समाप्ति के पश्चात संबंधित मतदान केंद्रों पर ही मतगणना की जाएगी। इसके उपरांत सारणीकरण (कम्पाइलेशन) का कार्य 04 जून 2026 को जनपद पंचायत बैकुंठपुर में संपन्न होगा।

उल्लेखनीय है कि बैकुंठपुर विकासखंड में कुल 27 वार्ड पंच पदों तथा 01 जनपद पंचायत सदस्य पद के उप निर्वाचन हेतु अधिसूचना जारी की गई थी। इनमें से 05 वार्ड पंच पदों के लिए कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ, जबकि 01 वार्ड पंच पद हेतु प्राप्त सभी नामांकन पत्र निरस्त कर दिए गए। वहीं सोनहत विकासखण्ड में एक वार्ड पंच के लिए एक ही वैध नामांकन प्राप्त होने के कारण संबंधित अभ्यर्थी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए जाएंगे।

इसके अतिरिक्त 13 वार्ड पंच पदों पर केवल एक-एक वैध नामांकन प्राप्त होने के कारण संबंधित अभ्यर्थी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए जाएंगे। शेष 08 वार्ड पंच पदों के लिए कुल 17 अभ्यर्थी मैदान में हैं, जिनके लिए 01 जून को मतदान होगा।

इसी प्रकार 01 जनपद पंचायत सदस्य पद के निर्वाचन के लिए कुल 07 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं, जिसके लिए भी 01 जून 2026 को मतदान कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.