कैच द रेन’ सेल्फी या रील प्रतियोगिता का होगा आयोजन वर्षा जल संरक्षण के लिए नागरिकों से भागीदारी की अपील बारिश की हर बूंद सहेजें, नई पीढ़ी के लिए सुरक्षित करें जल- कलेक्टर रोक्तिमा यादव

kamrun nisha

‘कैच द रेन’ सेल्फी या रील प्रतियोगिता का होगा आयोजन

वर्षा जल संरक्षण के लिए नागरिकों से भागीदारी की अपील

बारिश की हर बूंद सहेजें, नई पीढ़ी के लिए सुरक्षित करें जल- कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव

कोरिया, / जल शक्ति मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय जल मिशन के निर्देशानुसार जिले में ‘कैच द रेन-सेल्फी या रील प्रतियोगिता’ का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का उद्देश्य वर्षा जल संचयन, जल संरक्षण, भूजल पुनर्भरण तथा सतत जल प्रबंधन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रतिभागी अपने घर, विद्यालय, कार्यस्थल, खेत अथवा समुदाय में किए गए वर्षा जल संरक्षण, रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग, रिचार्ज पिट, जल पुनः उपयोग या अन्य जल संरक्षण संबंधी प्रयासों को दर्शाते हुए सेल्फी अथवा 30 से 90 सेकंड की रील तैयार कर सकते हैं।

प्रतिभागियों को अपनी प्रविष्टि #CatchTheRain हैशटैग के साथ एक्स (X), फेसबुक, इंस्टाग्राम या यूट्यूब जैसे सार्वजनिक सोशल मीडिया मंचों पर पोस्ट करनी होगी तथा राष्ट्रीय जल मिशन के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल @nwmgoi / National Water Mission पेज को टैग
अथवा कोलैब करना होगा। #CatchTheRain हैशटैग के बिना भेजी गई प्रविष्टियों पर विचार नहीं किया जाएगा।

प्रविष्टियां पूर्णतः मौलिक हो
रील हिंदी, अंग्रेजी या किसी भी क्षेत्रीय भाषा में बनाई जा सकती है। यदि रील क्षेत्रीय भाषा में तैयार की जाती है, तो उसमें अंग्रेजी सबटाइटल अनिवार्य होंगे। प्रतियोगिता में भेजी जाने वाली सभी प्रविष्टियां पूर्णतः मौलिक होनी चाहिए तथा किसी अन्य व्यक्ति के बौद्धिक संपदा अधिकारों का उल्लंघन नहीं करना चाहिए।

पानी की हर बूंद कीमती है
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेने और वर्षा जल संरक्षण के अपने प्रयासों को साझा कर दूसरों को भी जल बचाने के लिए प्रेरित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ‘हर बूंद कीमती है’ के संदेश के साथ यह प्रतियोगिता जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

एक-एक बूंद को सहेजना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता
कलेक्टर श्रीमती यादव ने कहा कि बारिश की एक-एक बूंद को सहेजना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसके लिए प्रत्येक नागरिक को वर्षा जल संचयन एवं वॉटर हार्वेस्टिंग जैसी तकनीकों को अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि अब केवल पानी बचाने तक सीमित रहने का समय नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित जल उपलब्ध कराना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

हर नागरिक जल संरक्षण का संकल्प लें
उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से जल संरक्षण एवं संवर्धन के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि यह केवल शासन-प्रशासन का दायित्व नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। ‘जब हर नागरिक जल संरक्षण का संकल्प लेगा, तभी ‘जल है तो कल है’ का संदेश वास्तविक अर्थों में साकार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.