MCB पुलिस के तकनीकी इनपुट पर जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 552 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त, अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क पर बड़ी चोट
kamrun nisha

MCB पुलिस के तकनीकी इनपुट पर जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 552 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त, अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क पर बड़ी चोट
पुलिस महानिरीक्षक, सरगुजा रेंज, श्री दीपक कुमार झा (IPS) के मार्गदर्शन, पुलिस अधीक्षक जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर श्रीमती रत्ना सिंह (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र नायक के पर्यवेक्षण में साइबर सेल मनेन्द्रगढ़ द्वारा अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
दिनांक 05.06.2026 को जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में दो मारुति डिजायर कार क्रमांक OD14V4713 एवं OD15R8100 से 556 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया था। उक्त प्रकरण की विवेचना के दौरान साइबर सेल मनेन्द्रगढ़ द्वारा तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया, जिसमें अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य एवं इनपुट प्राप्त हुए।
विवेचना के दौरान प्राप्त इन सटीक तकनीकी इनपुट को जशपुर पुलिस के साथ साझा किया गया। MCB पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए इनपुट पर कार्रवाई करते हुए दिनांक 14.07.2026 को जिला जशपुर के बगीचा एवं नारायणपुर क्षेत्र में लगभग 552 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया तथा अंतर्राज्यीय तस्करी गिरोह के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।
प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि यह गिरोह उड़ीसा से अवैध गांजा लाकर छत्तीसगढ़ एवं मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में आपूर्ति करता था। पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों, वाहनों एवं वित्तीय गतिविधियों की जांच जारी है तथा संबंधित राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस महानिरीक्षक, सरगुजा रेंज, श्री दीपक कुमार झा (IPS) ने अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क के विरुद्ध समन्वित एवं तकनीक आधारित कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह (IPS) ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

