बैकुंठपुर सड़क चौड़ीकरण : सुशासन की सरकार का ऐतिहासिक कदम — देवेन्द्र तिवारी
kamrun nisha

प्रेस विज्ञप्ति
बैकुंठपुर सड़क चौड़ीकरण : सुशासन की सरकार का ऐतिहासिक कदम — देवेन्द्र तिवारी
बैकुंठपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार ने बैकुंठपुर शहर के सड़क चौड़ीकरण की बहुप्रतीक्षित मांग को स्वीकृति देकर क्षेत्र के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है। भारतीय जनता पार्टी जिला कोरिया के जिलाध्यक्ष श्री देवेन्द्र तिवारी ने इस निर्णय पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम एवं बैकुंठपुर विधायक श्री भैयालाल राजवाड़े के प्रति आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों को बधाई दी है।
श्री तिवारी ने कहा कि “भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है।” वर्ष 2020, 2021 और 2022 के दौरान बैकुंठपुर के युवाओं द्वारा सड़क चौड़ीकरण की मांग को लेकर लगातार आवाज उठाई गई थी। उस समय भाजपा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने इस मांग का लिखित समर्थन करते हुए विश्वास दिलाया था कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने पर सड़क चौड़ीकरण के लिए पूरी गंभीरता से प्रयास किया जाएगा। आज वह संकल्प पूरा होता दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद बैकुंठपुर विधायक श्री भैयालाल राजवाड़े ने सड़क चौड़ीकरण को प्राथमिकता में रखते हुए लगातार शासन स्तर पर प्रयास किए। संगठन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से आज यह बहुप्रतीक्षित मांग स्वीकृति तक पहुंची है।
श्री तिवारी ने कहा कि वर्ष 2018 से 2023 के बीच कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कोरिया जिले को अनेक स्तर पर नुकसान उठाना पड़ा। जिले के विभाजन से भी पुराने कोरिया जिले की प्रशासनिक एवं विकास संबंधी स्थिति प्रभावित हुई। लेकिन मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने के बाद कोरिया जिले और जिला मुख्यालय बैकुंठपुर को विकास की नई गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण केवल सड़क का विस्तार नहीं, बल्कि बैकुंठपुर के व्यवस्थित विकास, बेहतर यातायात, व्यापारिक गतिविधियों और भविष्य की आवश्यकताओं से जुड़ा महत्वपूर्ण निर्णय है। आने वाले समय में भाजपा संगठन शहर के युवाओं, विद्यार्थियों, व्यापारियों, महिलाओं एवं नागरिकों से निरंतर संवाद कर बैकुंठपुर के विकास के लिए बेहतर कार्ययोजना तैयार करने की दिशा में भी कार्य करेगा।
श्री तिवारी ने कहा, “यह बैकुंठपुर की जनशक्ति और युवाओं के लंबे संघर्ष की जीत है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की सुशासन सरकार ने जनभावनाओं का सम्मान किया है।”
अंत में उन्होंने भाजपा जिला कोरिया की ओर से मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम तथा विधायक श्री भैयालाल राजवाड़े का आभार व्यक्त करते हुए बैकुंठपुर एवं कोरिया जिले के समस्त नागरिकों और युवाओं को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
