कोरिया जिले में कोविड-19 वैक्सीनेशन का हुआ शुभारंभ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटना, मनेन्द्रगढ़ एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डोमनहिल में स्वास्थ्यकर्मियों के टीकाकरण के साथ शुरू हुआ अभियान
कोरिया 16 जनवरी 2021/ कोरिया जिले में कोविड वैक्सीनेशन का शुभारंभ शनिवार को किया गया। कोरोना से बचाव और रोकथाम के लिए शुरू किए गए इस टीकाकरण अभियान का शुभारंभ स्वास्थ्यकर्मियों के टीकाकरण के साथ हुई। शनिवार को टीकाकरण का शुभारंभ जिले के 3 स्थानों में किया गया। जिसमें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटना, मनेन्द्रगढ़ एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डोमनहील शामिल है।
पटना सेक्टर में आरएचओ दिनेश कुमार साहू को कोविशिल्ड का पहला टीका लगाया गया। दिनेश छिंदिया उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ है। इस अवसर पर संसदीय सचिव व बैकुंठपुर विधायक श्रीमती अम्बिका सिंहदेव, कलेक्टर श्री सत्यनारायण राठौर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ रामेश्वर शर्मा, डीपीएम सुश्री रंजना पैकरा के साथ स्वास्थ्य अमला और जनप्रतिनिधि मौके उपस्थित रहे। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डोमनहिल चिरमिरी में आज कोविड-19 वैक्सीनेशन के प्रथम चरण का टीका वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर जयंत यादव को लगाया गया। इस अवसर पर मनेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ विनय कुमार जयसवाल, नगर निगम चिरमिरी महापौर श्रीमती कंचन जायसवाल सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। इसी तरह मनेन्द्रगढ़ समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सविप्रा उपाध्यक्ष एवं भरतपुर-सोनहत विधायक श्री गुलाब कमरो, सीएमएचओ डॉ रामेश्वर शर्मा, डीपीएम सुश्री रंजना पैकरा की उपस्थिति में डॉ विकास पोद्दार ने टीका लगवाया। यहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनेंद्रगढ़ में पदस्थ बीईई सोमेन्द्र मंडल एवं एक्स-रे तकनीशियन जय कृष्ण जायसवाल को कोविशिल्ड का पहला टीका लगाया गया। इस अवसर पर नगर पालिका मनेंद्रगढ़ अध्यक्ष श्रीमती प्रभा पटेल, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ एस एस सिंह व स्वास्थ्य अमला तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि जिले में कोविड टीकाकरण के लिए कुल 24 कोल्ड चेन स्टोर बनाये गये है जिसमें से जिला स्तर पर 01 वैक्सीन संग्रहण केन्द्र, 18 कोल्ड चेन पाइंट सहित 05 नये कोल्ड चेन पाइंट बनाये गये हैं। पहली खेप में कोरिया जिले को 4610 डोज प्राप्त हुए हैं।