जेल निरीक्षण समिति द्वारा जिला जेल बैकुण्ठपुर एवं उप जेल मनेन्द्रगढ़ का किया गया निरीक्षण
kamrun nisha

कोरिया 24 मार्च 2021/ जिला बाल संरक्षण इकाई के बाल संरक्षण अधिकारी ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग अटल नगर नया रायपुर के निर्देशानुसार जिले में गठित जेल निरीक्षण समिति द्वारा जिला जेल बैकुण्ठपुर एवं उप जेल मनेन्द्रगढ़ का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जेल में निरूद्व बंदियो से उम्र के संबंध में पूछताछ किया गया। जिला जेल बैकुण्ठपुर में कुल 191 बंदी से उम्र के संबध मे पूछताछ की गई तथा मनेन्द्रगढ़ में कुल 211 बंदी से पूछताछ किया गया। उक्त कार्यवाही कलेक्टर कोरिया एवं अध्यक्ष जिला बाल संरक्षण समिति श्री एस. एन. राठौर एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग सचिव जिला बाल संरक्षण समिति श्री मनोज कुमार खलखो के मार्गदर्शन मे किया गया।
उल्लेखनीय है कि निरीक्षण दल द्वारा प्रत्येक तीन माह में जेलों का निरीक्षण इस उददेश्य से किया जाता है, कि जेल में ऐसे बंदी तो नही हैं, जिनकी उम्र 18 वर्ष से कम की हो, जो कि त्रुटिपूर्ण तरीके से जेलों में निरूद्ध हो गये हों। साथ ही बंदियों के बच्चों का सही देखरेख व संरक्षण हो सके। निरीक्षण दल में श्रीमती जयश्री श्रीवास्तव सदस्य किशोर न्याय बोर्ड जिला कोरिया एवं श्री अमित श्रीवास्तव सामाजिक कार्यकर्ता बैकुण्ठपुर, श्री आशीष गुप्ता जिला बाल संरक्षण अधिकारी, श्री पंकज कुमार वर्मा विधिक सह परिवीक्षा अधिकारी एवं श्री संजीव कुमार साहू आउटरीच वर्कर जिला बाल संरक्षण इकाई महिला एवं बाल विकास विभाग शामिल थे।

