प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरमी, पोंड़ी बचरा, सलका एवं रतनपुर पहुंचे कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत, कोविड-19 टीकाकरण का किया औचक निरीक्षण, टीकाकरण में तेजी लाने के दिए निर्देश

kamrun nisha


कोरिया 23 जून 2021/ कोविड-19 टीकाकरण के औचक निरीक्षण पर कलेक्टर श्री श्याम धावड़े एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कुणाल दुदावत आज विकासखण्ड खड़गवां के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरमी, पोंड़ी बचरा, सलका एवं रतनपुर तथा उप स्वास्थ्य केंद्र जिल्दा पहुंचे। यहां उन्होंने आज हुए टीकाकरण की जानकारी ली एवं स्वास्थ्यकर्मियों को टीकाकरण हेतु शेष लोगों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिये। इसके साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी कोविड टीकाकरण में मोबिलाइजेशन हेतु सहयोग करने कहा। उन्होंने डोर-टू-डोर टीकाकरण हेतु भी एसडीएम एवं सीईओ जनपद पंचायत खड़गवां को निर्देशित किया। स्वास्थ्य केंद्रों में संस्थागत प्रसव की जानकारी लेते हुए उन्होंने बीएमओ को कहा कि शत-प्रतिशत प्रसव स्वास्थ्य केंद्रों में कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रशासन द्वारा हरसंभव मदद उपलब्ध की जाएगी।
कलेक्टर श्री धावड़े एवं सीईओ जिला पंचायत श्री दुदावत ने गोधन न्याय योजना के तहत ग्राम पंचायत चिरमी में निर्मित गौठान एवं मल्टीयूटीलिटी सेंटर का निरीक्षण किया। गौठान में कार्यरत स्वसहायता समूह की महिलाओं से वर्मी खाद निर्माण की जानकारी ली। मल्टीयूटीलिटी सेंटर का निरीक्षण कर उन्होंने स्वसहायता समूह द्वारा किये जा रहे पोल मेकिंग कार्य, बाड़ी विकास कार्य की जानकारी ली एवं अन्य प्रस्तवित गतिविधियां भी शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।
इसी तरह उन्होंने ग्राम पंचायत बरदर तथा कटकोना में निर्मित गौठानों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने गौठनों में गोबर खरीदी, वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन एवं विक्रय तथा समूह को राशि भुगतान की जानकारी ली। उन्होंने आरईओ एवं ग्राम सचिवों को वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन एवं पैकेजिंग के कार्य में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। इसी के साथ कलेक्टर श्री धावड़े ने उपस्थित पटवारियों को, जिन कृषकों को ऋण पुस्तिका नहीं मिली हो, उन्हें ऋण पुस्तिका उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.