मेरा पंचायत मेरा अधिकार-जनसेवाएँ अभियान 25 जुलाई से 31 जुलाई तक प्रत्येक ग्राम पंचायत में विशेष ग्राम सभा का आयोजन
kamrun nisha
कोरिया 23 जुलाई 2021/ मेरा पंचायत मेरा अधिकार-जनसेवाएँ अभियान अंतर्गत पंचायतों से संबंधित नागरिक घोषणा पत्र तैयार कर ग्राम सभा में अनुमोदन हेतु 25 जुलाई से 31 जुलाई तक प्रत्येक ग्राम पंचायत में विशेष ग्राम सभा का आयोजन जायेगा। कलेक्टर श्याम धावड़े ने समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को संबंधित सचिवों को सूचना दिए जाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने कहा है कि पर्याप्त मुनादी कराकर ग्रामसभा के सदस्यों, ग्रामीणों को सूचित किया जावे। ग्रामसभा के सभापति व सचिव के सहयोग के लिये संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के प्रस्ताव के अनुसार अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) द्वारा ग्राम प्रभारी की नियुक्ति की जाये।
उन्होंने कोविड-19 हेतु केन्द्र सरकार, राज्य सरकार एवं स्थानीय स्तर पर जारी दिशा निर्देशों का पालन करते हुए ग्रामसभा सम्मिलन का आयोजन सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए सभी अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं सभी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये हैं।

