निर्माणाधीन आंगनबाड़ी एवं महतारी सदन का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, कार्य में देरी पर सचिव को लगाई फटकार
kamrun nisha
निर्माणाधीन आंगनबाड़ी एवं महतारी सदन का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, कार्य में देरी पर सचिव को लगाई फटकार
कोरिया, / कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने शुक्रवार को ग्राम बुड़ार में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन एवं महतारी सदन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, स्वीकृति तिथि, लागत तथा निर्धारित समय-सीमा की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की।
आंगनबाड़ी भवन का कार्य लंबे समय से अधूरा पाए जाने पर कलेक्टर ने ग्राम पंचायत सचिव को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि स्वीकृति के कई महीनों बाद भी कार्य पूर्ण नहीं होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। कलेक्टर ने संबंधित सचिव को एक माह के भीतर निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण नहीं होने पर कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद कलेक्टर ने निर्माणाधीन महतारी सदन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने तथा कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि भवन का निर्माण समय पर पूरा हो सके और इसका लाभ स्थानीय महिलाओं को मिल सके।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी भी उपस्थित रहे।

