नगर पंचायत पटना में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कुल 307 आवास स्वीकृत, अध्यक्ष श्रीमती गायत्री सिंह के प्रयासों से क्षेत्रवासियों को मिल रहा लाभ
kamrun nisha
@नगर पंचायत पटना में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कुल 307 आवास स्वीकृत, अध्यक्ष श्रीमती गायत्री सिंह के प्रयासों से क्षेत्रवासियों को मिल रहा लाभ@
जिला कोरिया बैकुंठपुर,,नगर पंचायत पटना में प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गायत्री सिंह के विशेष प्रयासों और सतत पहलों के परिणामस्वरूप पटना क्षेत्र में अब तक कुल 307 आवासों की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। अध्यक्ष महोदया क्षेत्र के हर पात्र परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रही हैं, जिससे नागरिकों के सपनों का आशियाना साकार हो रहा है।
समय पर निर्माण पूरा करने पर मिलेगी सम्मान राशि
विभिन्न चरणों के तहत स्वीकृत इन आवासों के संबंध में नगर पंचायत प्रशासन ने सभी हितग्राहियों से अपील की है कि वे समय पर अपने आवास का निर्माण कार्य पूर्ण करें। तय समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने वाले हितग्राहियों को प्रोत्साहनस्वरूप 32,800 रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से आग्रह किया है कि वे शासन की इस कल्याणकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
सीएमओ के निर्देश: गुणवत्ता और समयबद्धता का रखें विशेष ध्यान
इस संबंध में नगर पंचायत पटना के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) से चर्चा की गई। सीएमओ ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ हर एक पात्र हितग्राही तक पहुंचाया जाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी हितग्राही जल्द से जल्द अपने आवासों का निर्माण शुरू कर चरणबद्ध तरीके से किस्तों का भुगतान प्राप्त करें।
सीएमओ ने सभी हितग्राहियों से अपील की है कि वे निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके और समय पर अनुदान राशि का लाभ मिल सके। नगर पंचायत पटना विकास और जनहित के कार्यों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

