कोरियाछत्तीसगढ़

विकसित भारत के संकल्प को साकार करने सेवा और समर्पण के साथ करें कार्य- मंत्री रामविचार नेताम’

kamrun nisha

’17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में होंगे सेवा, जनकल्याण और जनजागरूकता के विविध कार्यक्रम’

’विधायक श्री भईया लाल राजवाड़े ने प्रशासन को हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा’

’कोरिया, /’ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर मंगलवार को जिला प्रभारी मंत्री एवं केबिनेट मंत्री श्री रामविचार नेताम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

मंत्री श्री नेताम ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रहे, बल्कि सेवा और जनकल्याण की भावना को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का माध्यम बने। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि पूरी प्रतिबद्धता, जिम्मेदारी और समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाएं। मंत्री श्री नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। गरीबों, किसानों, युवाओं एवं महिलाओं के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिको से सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता तभी सुनिश्चित होगी, जब इसका लाभ और संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

’विधायक ने प्रशासन को हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा’
बैठक में बैकुण्ठपुर विधायक श्री भईया लाल राजवाड़े ने प्रभारी मंत्री श्री नेताम को आश्वस्त किया कि अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन के साथ आवश्यक सहयोग और समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा। अन्य जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने भी अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा प्रशासन को सहयोग प्रदान करने की बात कही।

’कलेक्टर ने प्रभारी मंत्री को दी जिले में होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी’
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने प्रभारी मंत्री श्री नेताम को 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक जिले में आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। कलेक्टर ने अभियान के तहत विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने की बात कही।

’सेवा, स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़े होंगे कार्यक्रम’
अभियान के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सम्मान एवं शुभकामनाओं के लिए दीप प्रज्ज्वलन, रक्तदान शिविर, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, स्वच्छता अभियान एवं पौधारोपण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही ‘आंगन उत्सव’ के माध्यम से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं एवं माताओं का सम्मान किया जाएगा। अभियान के दौरान विशेष शिविर आयोजित कर पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। इसके माध्यम से नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जाएगा। जनकल्याणकारी योजनाओं एवं समाज सेवा से जुड़े विषयों पर जनजागरूकता गतिविधियां, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नुक्कड़ नाटक, सेवा ज्योति यात्रा एवं बाइक रैली भी आयोजित की जाएगी।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री योगेंद्र कश्यप, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना राजवाड़े, गणमान्य नागरिक श्री देवेंद्र तिवारी, श्री कृष्ण बिहारी जायसवाल सहित नोडल अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य व समाजसेवी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *