Sunday, October 25, 2026
Latest:
Uncategorized

नगर में बस और बोलेरो की टक्कर, एक महिला की मौत14 लोगों को लाया गया जिला अस्पताल, एक महिला अंबिकापुर रेफर, कलेक्टर ने दिए समुचित उपचार के निर्देश

kamrun nisha

नगर में बस और बोलेरो की टक्कर, एक महिला की मौत

14 लोगों को लाया गया जिला अस्पताल, एक महिला अंबिकापुर रेफर, कलेक्टर ने दिए समुचित उपचार के निर्देश

कोरिया, कोरिया जिले के चरचा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर जंगल के पास रविवार को राजहंस बस और बोलेरो नियो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद चार बच्चों सहित कुल 14 लोगों को जिला चिकित्सालय बैकुंठपुर लाया गया। इनमें 28 वर्षीय महिला रितु की मृत्यु हो गई, जबकि घायल गीतांजलि कोल को बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है। अस्पताल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अन्य उपचाररत घायलों की स्थिति सामान्य है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजहंस बस रांची से चिरमिरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान मनेंद्रगढ़ से कुदरगढ़ जा रही बोलेरो नियो क्रमांक सीजी 16 सीएस 8355 से उसकी टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय बैकुंठपुर पहुंचाया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने अस्पताल प्रबंधन को घायलों का तत्काल समुचित एवं प्रभावी उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश पर अपर कलेक्टर श्री डीडी मंडावी, एसडीएम श्रीमती दीपिका नेताम एवं अन्य अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने चिकित्सकों और अस्पताल के कर्मचारियों से घायलों की स्थिति तथा उपचार की जानकारी ली और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

अस्पताल से उपलब्ध विवरण के अनुसार, घायलों में दीपक कोल, सुमन कोल, प्रिया कोल, सुनीता पति विदेशिया कोल, दीपाली कोल, सुनीता पति जय कोल, राधा कोल और मधुबाला शामिल हैं। गीतांजलि कोल को अंबिकापुर रेफर किया गया है। मृतका की पहचान रितु पति नीरज कुमार कोल, उम्र 28 वर्ष, के रूप में हुई है।

अस्पताल में भर्ती एक वर्षीय बच्चे का भी उपचार जारी है और उसकी स्थिति सामान्य बताई गई है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों की पुष्टि जांच के बाद हो सकेगी।