Wednesday, November 4, 2026
Latest:
कोरियाछत्तीसगढ़

कोरिया को नवीन संभाग बनाने की मुहिम ने पकड़ी रफ्तार, ग्रामीण जनप्रतिनिधियों का भी मिल रहा समर्थन : समाजसेवी प्रदुमन सिंह

कोरिया को नवीन संभाग बनाने की मुहिम ने पकड़ी रफ्तार, ग्रामीण जनप्रतिनिधियों का भी मिल रहा समर्थन : समाजसेवी प्रदुमन सिंह

कोरिया। कोरिया जिले को नवीन संभाग घोषित कर बैकुंठपुर को संभागीय मुख्यालय बनाए जाने की मांग को लेकर शुरू की गई जनहितैषी मुहिम अब लगातार चर्चा में है। जिले के विकास, बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था और आम नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए उठाई गई इस मांग के समर्थन में अब ग्रामीण जनप्रतिनिधि भी अपनी सहभागिता दर्ज कराने लगे हैं।

इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य कोरिया जिले को प्रशासनिक दृष्टि से अधिक सुविधाजनक बनाना और क्षेत्रवासियों को संभागीय स्तर के शासकीय कार्यों के लिए होने वाली परेशानियों से राहत दिलाना है। वर्तमान में संभागीय मुख्यालय अंबिकापुर दूर होने के कारण कोरिया जिले के ग्रामीणों, किसानों, आदिवासी परिवारों और आम नागरिकों को विभिन्न प्रशासनिक एवं शासकीय कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इससे समय और आर्थिक संसाधनों की भी खपत होती है।

इसी कड़ी में ग्राम पंचायत लटमा, जनपद पंचायत सोनहत के सरपंच श्री सीताराम सोनपाकर एवं ग्राम पंचायत मधला के सरपंच श्री संजय सोनपाकर ने इस जनहितैषी मुहिम से जुड़कर अपनी सहमति जताई है। ग्रामीण क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों का समर्थन मिलना इस विषय पर स्थानीय स्तर पर बढ़ती सहभागिता को दर्शाता है।

मुहिम से जुड़े समाजसेवी संवर्त कुमार ‘रूप’ एवं प्रदुमन सिंह सहित अन्य सामाजिक साथियों का कहना है कि कोरिया जिले को नवीन संभाग बनाने की मांग किसी व्यक्ति, संगठन या राजनीतिक विचारधारा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जिले के समग्र विकास, प्रशासनिक सुविधा और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य से जुड़ा विषय है।

उनका कहना है कि बैकुंठपुर को संभागीय मुख्यालय बनाए जाने से क्षेत्र में प्रशासनिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावनाएं रहेंगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर विकास, रोजगार के अवसरों और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी नई संभावनाएं सामने आ सकती हैं।

सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से एकजुट होने की अपील

समाजसेवियों ने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायतों के सरपंचों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, व्यापारिक संगठनों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस जनहित के विषय पर अपनी राय और सहभागिता दर्ज कराएं। उनका कहना है कि जब जिले के विकास से जुड़ा कोई महत्वपूर्ण विषय सामने हो, तो सभी को आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर जनहित के दृष्टिकोण से विचार करना चाहिए।

यह मुहिम किसी के विरोध में नहीं, बल्कि कोरिया जिले को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं दिलाने और क्षेत्रीय विकास की संभावनाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। जिले की सामूहिक आवाज इस मांग को लोकतांत्रिक तरीके से शासन-प्रशासन के समक्ष रखने का माध्यम बन सकती है।