Tuesday, November 24, 2026
Latest:
कोरियाछत्तीसगढ़

गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच कराएं, जनवरी तक सभी चिह्नित बच्चों को एनआरसी पहुंचाएं- कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण, स्वच्छ पेयजल और खेल-खेल में पढ़ाई पर जोर, कम प्रगति पर दो पर्यवेक्षकों को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश

kamrun nisha

गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच कराएं, जनवरी तक सभी चिह्नित बच्चों को एनआरसी पहुंचाएं- कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव

आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण, स्वच्छ पेयजल और खेल-खेल में पढ़ाई पर जोर, कम प्रगति पर दो पर्यवेक्षकों को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश

कोरिया, कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने सोमवार को महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व (एएनसी) जांच समय पर कराने और स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से मुख्यमंत्री बाल संदर्भ शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोनों परियोजना अधिकारियों से कहा कि सेक्टर पर्यवेक्षकों के माध्यम से जनवरी तक सभी चिह्नित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) पहुंचाना सुनिश्चित करें। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी शामिल हुए।

कलेक्टर ने कुपोषण की रोकथाम और सुपोषण को बढ़ावा देने के लिए स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को मिलकर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी और सेक्टर पर्यवेक्षक अपने क्षेत्र के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान देखें कि बच्चों को पौष्टिक भोजन मिल रहा है, गर्भवती और शिशुवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच हो रही है और बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास पर ध्यान दिया जा रहा है।

श्रीमती यादव ने केंद्रों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने और बच्चों को खेल-खेल में सिखाने पर जोर दिया। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों की पोषण वाटिकाओं की स्थिति की जानकारी भी ली। कलेक्टर ने पर्यवेक्षकों से कहा कि उनके काम का सकारात्मक असर केंद्रों की व्यवस्था और बच्चों को मिलने वाली सेवाओं में दिखना चाहिए।

कलेक्टर ने सेक्टर पर्यवेक्षकों को हर 15 दिन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की बैठक लेने और केंद्रों में रेडी-टू-ईट व पूरक पोषण का समय पर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लक्ष्य पूरे करने और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं के रिक्त पद भरने को कहा। बैठक में अपार आईडी, आभा आईडी और जन्म प्रमाण पत्र बनाने की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

विभागीय योजनाओं में कम प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने नगर परिक्षेत्र की पर्यवेक्षक श्रीमती चन्द्रशीला मेहता और सुंदरपुर परिक्षेत्र की पर्यवेक्षक सुश्री शिवांगी केशरवानी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक माह के भीतर प्रगति में सुधार नहीं होने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।