16 जुलाई तक होगा वजन त्यौहार का आयोजन 7 जुलाई से अब तक 63 हजार 180 बच्चों का सर्वेक्षण, 25 हजार 677 बच्चों का लिया गया वजन, 5 हजार 937 किशोरी बालिकाएं भी शामिल
kamrun nisha

कोरिया 14 जुलाई 2021/ जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि जिले में 05 वर्ष से कम आयु के बच्चों में पोषण स्तर के आंकलन हेतु समुदाय की सहभागिता करते हुए प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 07 जुलाई 2021 से 16 जुलाई 2021 तक वजन त्यौहार का आयोजन किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2021-22 में वजन त्यौहार का आयोजन कोविड-19 के सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए वजन त्यौहार का आयोजन किया जा रहा है। वजन त्योहार में बच्चों का वजन कर पोषण स्तर का आंकलन किया जा रहा है। साथ ही किशोरी बालिकाओं का हीमोग्लोबिन टेस्ट कराया जा रहा है, उनका बीएमआई स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से निकाला जा रहा है। इस हेतु आंगनबाड़ी केन्द्रों में आने वाली 11 से 18 वर्ष की सभी किशोरी बालिकाओं को इस अभियान में शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि 7 जुलाई से 12 जुलाई 2021 तक आयोजित हुए वनज त्यौहार में परियोजना बैकुण्ठपुर, खड़गवां, मनेन्द्रगढ़, भरतपुर, सोनहत एवं चिरमिरी में 0 से 5 वर्ष तक के कुल 63 हजार 180 बच्चों का सर्वेक्षण किया गया। इनमें से 25 हजार 677 बच्चों का वजन लिया गया जिसमें 12 हजार 593 बालक एवं 13 हजार 84 बालिकाएं शामिल हैं। इसी तरह वजन त्यौहार में 11 से 18 वर्ष की कुल 5 हजार 937 किशोरी बालिकाओं की वजन, ऊंचाई व एचबी ली गई।

