कलेक्टर धावड़े की अध्यक्षता में राष्ट्रीय बाल श्रम परियोजना समिति की बैठक संपन्न

kamrun nisha


कोरिया 31 अगस्त 2021/ राष्ट्रीय बालश्रम परियोजना समिति की बैठक आज कलेक्टर श्याम धावड़े की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक मे बाल श्रमिकों का चिन्हांकन और बेसलाईन सर्वेक्षण किये जाने का प्रस्ताव रखा गया। बाल श्रमिकों के चिन्हांकन हेतु 14 वर्ष से कम तथा 14 से 18 वर्ष के बच्चों एवं किशोरों की सूची तैयार की जायेगी। जिनमें शिक्षा विभाग ने ड्राप आउट बच्चों की सूची, स्कूल न जाने वाले बच्चों की सर्वे सूची, अन्य राज्यों से कोरोना लाकडाउन में गृह राज्य वापस आये प्रवासी श्रमिक के बच्चे एवं अन्य विभागों द्वारा चिन्हांकित बाल श्रमिकों की सूची तैयार की जायेगी। इसी तरह बैठक में बाल एवं कुमार श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन अधिनियम )1986 के अंतर्गत दर्ज अभियोजन, बाल श्रमिक पुनर्वास, बाल श्रमिकों को नियमित शालाओं में प्रवेश दिलाकर मुख्य धारा से जोड़ने तथा काउंसिलिंग, बाल श्रमिकों की स्थिति को चिन्हाकित कर उनके परिवार को शासन की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित करने आदि पर चर्चा की गई। इस दौरान जिला स्तरीय बाल श्रम परियोजना समिति हेतु जिला स्तर पर जन सूचना अधिकरी एवं अपीलीय अधिकारी की भी नियुक्ति की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत कुणाल दुदावत, अपर कलेक्टर सुखनाथ अहिरवार, श्रम पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.