विदेशी यात्रा कर लौटे नागरिकों के लिए सरकार ने जारी किए सख्त निर्देश

रायपुर I छत्तीसगढ़ में कोरोना के दो नए केस सामने आए हैं. अब पॉजिटिव केस की संख्या कुल 3 हो गई है. कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए अब सरकार ने भी अपना रुख सख्त कर लिया है. बड़ा फैसला लेते हुए अब शासन ने सभी विदेशी यात्रा कर लौटे नागरिकों को स्वास्थ्य केंद्र में रिपोर्ट करने कहा है. राज्य सरकार ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि विदेश यात्रा करके लौटे यात्री अनिवार्य रूप से स्वास्थ्य केंद्र में रिपोर्ट करें. इस मामले में किसी किस्म की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सरकार ने साफ कहा है कि रिपोर्ट नहीं करने वालों और उनके परिवारजनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी की जा सकती है.
राज्य सरकार ने कहा है कि अनेकों बार आग्रह करने के बावजूद कुछ नागरिक अपनी विदेश यात्रा की जानकारी छिपा रहे हैं. पूरे प्रदेश की जनता को संकट में डालने का काम कर किया जा रहा है. अपनी इस लापरवाही से वे खुद की जान तो संकट में डालेंगे ही, साथ ही अपने परिवारजनों और अन्य लोगों को भी मुश्किल में डाल देंगे.
राज्य सरकार राज्य की जनता से अपील की है कि अगर उन्हें इस बात की जानकारी मिलती है कि उनके आस-पड़ोस में कोई विदेश यात्रा से लौटा है तो वो उसकी जानकारी फौरन टोल फ्री नंबर 104 पर दे सकते हैं.
छत्तीसगढ़ में बुधवार को दो नए कोविड-19 पॉजिटिव मरीज मिले हैं. अब तक कोरोना संक्रमण के कुछ 3 पॉजिटिव केस सामने आए हैं. इनमें से राजधानी रायपुर में 2 और राजनांदगांव में एक मरीज का इलाज किया जा रहा है. राज्य सरकार ने दो नए मरीजों के मिलने की पुष्टि की है. रायपुर के नए मरीज को भी एम्स में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है. रायपुर में पहली कोरोना संक्रमित युवती का इलाज भी एम्स में ही किया जा रहा है. तो वहीं राजनांदगांव में कोरोना पॉजिटिव मिले मरीज का इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है.
