कलेक्टर धावड़े ने नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा के प्रकरणों के आवेदन प्राप्त कर शीघ्र निराकरण और 15 दिनों के भीतर प्रकरणों का ई-कोर्ट में शत-प्रतिशत पंजीकृत करने के दिये निर्देश
kamrun nisha


शहरी क्षेत्र के जंगल के प्रबंधन और संवर्द्धन के लिए जारी होंगे वनाधिकार पत्र, सभी सीएमओ को आवेदन लेने के निर्देश, साप्ताहिक समय सीमा की बैठक सम्पन्न
जनचौपाल में कलेक्टर ने जनमानस की सुनी समस्याएं, अधिकारियों को निराकरण के निर्देश
कोरिया 09 नवम्बर 2021/साप्ताहिक समयसीमा की बैठक में कलेक्टर श्याम धावड़े ने प्रकरणों की समीक्षा करते हुए पाव-पबिया समाज के जाति प्रमाण पत्र जारी करने के प्रकरण में अधिकारियों को बिना किसी शंका के पाव के रूप में जाति प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि राजस्व प्रकरणों में नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा के प्रकरणों के आवेदन प्राप्त कर यथासंभव शीघ्र निराकरण करें और 15 दिनों के भीतर प्रकरणों का ई-कोर्ट में शत-प्रतिशत पंजीकृत कराएं जिससे जिले की प्रगति ऑनलाइन दर्ज हो सके। प्रदेश में नगरीय क्षेत्रों में भी वनाधिकार पट्टा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा धमतरी जिले में सामुदायिक वन संसाधन अधिकार पत्र जारी किए गए हैं। शहरी क्षेत्र में जो जंगल हैं, उनके प्रबंधन और संवर्द्धन का अधिकार वनाधिकार पत्र के माध्यम से दिया जा रहा है। इस संबंध में कलेक्टर धावड़े ने नगरीय निकाय के अधिकारियों को भी वनाधिकार पत्र के आवेदन लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिले के परम्परागत वन निवासियों एवं जनजातीय लोगों को वनाधिकार पत्र का लाभ मिलना सुनिश्चित करें।
कोविड से मृत व्यक्तियों के परिजनों को मिले सहायता – धावड़े ने बैठक में राज्य शासन के निर्देशानुसार कोविड-19 से मृत व्यक्तियो के परिजनों को शीघ्र आर्थिक सहायता राशि जारी देने के निर्देश दिए।
धान खरीदी की समीक्षा, सभी एसडीएम को समितियों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
राज्य में 1 दिसम्बर से धान खरीदी शुरू की जाएगी। बैठक में कलेक्टर ने सभी एसडीएम समितियों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समितियों में आधारभूत ज़रूरतें कैलिब्रेशन, कंप्यूटर, इंटरनेट कनेक्शन, चबूतरे निर्माण आदि का निरीक्षण कर तैयार रखें जिससे धान खरीदी के समय समस्या ना हो। उन्होंने डीएमओ से जिले में बारदाना संग्रहण की जानकारी ली और बारदाना संग्रहण की ऑनलाइन एंट्री करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर धावड़े ने ग्राम पंचायतों के नोडल जिला स्तरीय अधिकारियों को गांवों में सघन दौरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि राज्य शासन की महत्वांकाक्षी योजनाओ के जिले में बेहतर क्रियान्वयन के लिए ग्राम पंचायतों का प्रभार अधिकारियों को सौंपा गया है। गम्भीर, मध्यम कुपोषित बच्चों को पोषण के स्तर तक लाने के लिए सुपोषण अभियान के अंतर्गत आंगनबाड़ियों में अंडा और चिकी वितरण फिर शुरू किया जा रहा है। इसे प्राथमिकता देते हुए बच्चों के परिजनों से व्यक्तिगत भेंट कर उन्हें प्रेरित करें। इसके साथ ही आश्रम-छात्रावासों, जिले में संचालित हाट बाजार क्लिनिक योजना, गोधन न्याय योजना के माध्यम से गोबर खरीदी, किसान क्रेडिट कार्ड वितरण, राजीव गांधी भूमिहीन न्याय योजना की प्रगति, कोरिया नीर के संचालन का भी निरीक्षण करें।
जनचौपाल में कलेक्टर ने जनमानस की सुनी समस्याएं, अधिकारियों को निराकरण के निर्देश
कलेक्टर श्याम धावड़े ने मंगलवार को साप्ताहिक समय सीमा की बैठक के बाद जनचौपाल में विभिन्न विकासखण्डों से आए लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं को सभी अधिकारी संवेदनशील के साथ सुने और निराकरण करें। अनावश्यक लोगों को छोटी-छोटी कामों के लिए न भटकाएं। लोगों का प्रशासन के प्रति विश्वास बना रहें, इसके लिए अधिकारियों को गंभीरता से समस्याओं का समाधान करना होगा।
बैठक में अपर कलेक्टर सुखनाथ अहिरवार, सभी अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, सभी तहसीलदार एवं समस्त विभाग के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
