ग्राम पंचायत गिरजापुर में सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य अधूरा होने तथा मनरेगा योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही बरते जाने पर पंचायत सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी

kamrun nisha

कोरिया 19 नवम्बर 2021/जनपद पंचायत बैकुंठपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत गिरजापुर में सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य अधूरा होने तथा मनरेगा योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही बरते जाने पर पंचायत सचिव श्रीमती शशि कुशवाहा को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
कलेक्टर श्याम धावड़े द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर संपादित समस्त निर्माण कार्यों का औचक स्थल निरीक्षण कर कार्यों का अवलोकन किया जा रहा है। 15 नवम्बर को ग्राम पंचायत गिरजापुर के निरीक्षण के दौरान पंचायत सचिव श्रीमती शशि कुशवाहा द्वारा केन्द्र एवं राज्य शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरते जाने की जानकारी सामने आई। निरीक्षण में पाया गया कि ग्राम पंचायत अंतर्गत विगत वर्ष में स्वीकृत सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य को प्लास्टर कराकर अधूरा छोड़ दिया गया है, जिसमें आज तक दरवाजे एवं खिड़की नहीं लगवाये गए हैं, जिससे इसका उपयोग ग्रामवासी नहीं कर पा रहे हैं।
इस लापरवाही पर सीईओ जिला पंचायत कुणाल दुदावत ने पंचायत सचिव को नोटिस जारी किया है। जिला एवं जनपद कार्यालय द्वारा बार-बार उक्त सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य को अविलंब पूर्ण कराये जाने के निर्देशों के बावजूद पंचायत सचिव द्वारा मनमानी एवं लापरवाही करते हुए पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही एवं उदासीनता तथा उच्च कार्यालय द्वारा दिये गये आदेशों की अवहेलना किए जाने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
नोटिस में पंचायत सचिव श्रीमती शशि कुशवाहा को सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य को अविलंब प्रारंभ कराते हुये कार्य स्थल की रिपोर्टिंग करने और उक्त संबंध में अपना स्पष्टीकरण उचित कारणों सहित 03 दिवस के अंदर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जवाब संतोषप्रद नहीं पाये जाने पर उनके विरुद्ध एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.