जिले में 595 बिगड़े हैण्डपम्पों का सुधार, गर्मी के मौसम में पेयजल की समस्या से मुक्ति.
kamrun nisha
जिले में 595 बिगड़े हैण्डपम्पों का सुधार, गर्मी के मौसम में पेयजल की समस्या से मुक्ति,
कलेक्टर के निर्देश पर अभियान चलाकर पीएचई और पंचायत ने किया सुधार कार्य पूर्ण, हैंडपम्प सुधार की आवश्यकता की सूचना मिलने पर आगे भी जारी रहेगा अभियान
कोरिया 18 अप्रैल 2022/कोरिया जिले में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं ग्राम पंचायतों के परस्पर समन्वय से बिगड़े 595 हैंडपम्प का संधारण कार्य पिछले 10 दिनों में किया गया। कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा के निर्देश पर सतत निगरानी एवं उचित मार्गदर्शन से जिले में बिगड़े हैण्डपम्पों का सुधार कार्य पूर्ण किया गया है। कलेक्टर ने पूर्व में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में बिगड़े हैंडपम्प के संधारण के निर्देश दिए गए थे।जिसके परिपालन में बड़े पैमाने पर हैंडपम्प सुधार कार्य किया गया। कलेक्टर श्री शर्मा ने स्वयं बैठकों में इस कार्य की समीक्षा की और प्रगति के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा 12840 हैण्डपम्प स्थापित किये गए हैं, जिनमें से 595 बिगड़े हैंडपम्प का संधारण कर लिया गया है। आगे भी हैंडपम्प सुधार की आवश्यकता की सूचना मिलने पर अभियान चलाकर संधारण कार्य किया जाएगा।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि ग्रीष्म ऋतु में पेयजल के अन्य स्त्रोत के सूखने लगते हैं तथा भूमिगत जल स्तर नीचे जाने लगता है जिससे पेयजल की समस्या होती है। इन बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए बिगड़े हैंडपम्प का सर्वे किया गया। इस दौरान 595 हैण्डपम्प बिगड़े हुए पाए गए जिन्हें पिछले दस दिवस में 595 संधारण कार्य पूर्ण कर ग्रामवासीयों को पेयजल उपलब्ध कराया गया।

