ग्राम पंचायत अमरपुर में एक सप्ताह पहले बुधवार को धूमधाम से होली पर्व मनाया गया। ग्रामीणों ने विधि-विधान से होलिका का दहन किया।
kamrun nisha

बैकुंठपुर। कोरिया जिले के ग्राम पंचायत अमरपुर में एक सप्ताह पहले बुधवार को धूमधाम से होली पर्व मनाया गया। ग्रामीणों ने विधि-विधान से होलिका का दहन किया। फिर देवल्ला में पूजा-अर्चना कर एक दूसरे को रंग-गुलाल और अबीर लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। वहीं गांव के बुजुर्ग व युवा वर्ग फाग गीतों पर जमकर झूमते नजर आए। अमरपुर में होली खेलने और देखने के लिए आसपास के ग्रामीण पहुंचे। यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है। इसके पीछे गांव वालों का डर है।

ऐसी मान्यता है कि यदि सप्ताहभर पूर्व होली नहीं बनाई जाती है तो गांव में कोई न कोई अनहोनी हो जाती है। कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर से करीब 12 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत अमरपुर में एक सप्ताह पहले होली खेलने की परंपरा कोरिया में प्रसिद्ध है। जबकि भारतीय कैलेंडर के अनुसार इस वर्ष होली का पर्व ८ मार्च को मनाया जाएगा। इस दौरान सरपंच धनेश्वरी सिंह, राकेश यादव, रामशरण, लल्लन सिंह, देवनारायण सिंह, तीरथ सिंह, दुर्गा प्रसाद, भैयालाल, रामनारायण, आनंद कुमार, राजलाल कोटवार, मनोहर बैगा, जगनारायण, सावित्री, लवकुश, राहुल, पूरण यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

