अनुपस्थित व गैर जिम्मेदार शिक्षकों पर कलेक्टर की सख्ती तीन शिक्षकों को हुआ कारण बताओ नोटिस जारी

kamrun nisha

अनुपस्थित व गैर जिम्मेदार शिक्षकों पर कलेक्टर की सख्ती

तीन शिक्षकों को हुआ कारण बताओ नोटिस जारी

कोरिया, जनवरी 2025/
जिले में शिक्षा व्यवस्था को लेकर लापरवाही पर सख्त कदम उठाते हुए कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने तीन शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह नोटिस 4 जनवरी 2025 को आयोजित समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने, परीक्षा पे चर्चा के पंजीयन में कमी, अपार आईडी का रजिस्ट्रेशन कम होने और अर्धवार्षिक परीक्षा परिणाम असंतोषजनक पाए जाने पर जारी किया गया है।

कलेक्टर ने दी अनुशासनात्मक कार्यवाही की चेतावनी
जिन शिक्षकों को नोटिस जारी किया गया है, उनमें श्री विवेकानंद कंवर, प्रभारी प्राचार्य शासकीय हाई स्कूल सिंघोर, श्री प्रदीप तिर्की, प्रभारी प्राचार्य शासकीय हाई स्कूल रजौली और श्री विवेकानंद कंवर शामिल हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि यह शिक्षकों की ओर से उच्च कार्यालय के आदेशों की अवहेलना और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही को दर्शाता है।

नोटिस के अनुसार, शिक्षकों का यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 का उल्लंघन है। कलेक्टर ने शिक्षकों को निर्देश दिया है कि वे तीन दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने की स्थिति में उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।

शिक्षा सहित बुनियादी आवश्यकताओं में सुधार पर जोर
कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने कहा कि प्रशासन शिक्षा व्यवस्था को मजबूत और पारदर्शी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने शिक्षकों से शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में पूर्ण सहयोग करने और छात्रों के बेहतर भविष्य के लिए ईमानदारी से कार्य करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल जैसी बुनियादी आवश्यकताओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे कृत्य करने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.