कलेक्टर ने वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ बिताए आत्मीय पल वृद्धा आश्रम का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा कलेक्टर निवास पर सामूहिक भोजन एवं झुमका डैम भ्रमण का कलेक्टर ने दिया आमंत्रण समाज कल्याण विभाग की जिला अधिकारी बी. तिर्की

kamrun nisha

कलेक्टर ने वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ बिताए आत्मीय पल

वृद्धा आश्रम का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

कलेक्टर निवास पर सामूहिक भोजन एवं झुमका डैम भ्रमण का कलेक्टर ने दिया आमंत्रण

कोरिया, 8 जुलाई 2026/ कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्रीमती रोक्तिमा यादव ने आज समाज कल्याण विभाग से मान्यता प्राप्त एवं अनुदानित संस्था शबरी सेवा संस्थान द्वारा संचालित वृद्धाश्रम, बैकुण्ठपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वृद्धाश्रम में उपलब्ध आवासीय, स्वास्थ्य, भोजन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया तथा संस्था की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिला मुख्यालय में स्थित 25-सीटर क्षमता वाले इस वृद्धाश्रम में वर्तमान में 11 बुजुर्ग निवासरत हैं। कलेक्टर ने बुजुर्गों के बीच बैठकर उनसे आत्मीय संवाद किया। उन्होंने उनकी दिनचर्या, स्वास्थ्य, भोजन की गुणवत्ता, रहन-सहन एवं अन्य आवश्यकताओं के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। कलेक्टर ने स्वयं रसोई का निरीक्षण कर भोजन व्यवस्था देखी तथा वहां कार्यरत नर्सिंग स्टाफ एवं रसोइयों से भी चर्चा कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान बुजुर्गों ने खुलकर अपने अनुभव साझा किए और कलेक्टर के साथ आत्मीय बातचीत की। उन्होंने स्नेहपूर्वक कलेक्टर को अपने साथ भोजन करने का आग्रह भी किया। इस पर कलेक्टर ने उन्हें आश्वस्त किया कि शीघ्र ही सभी बुजुर्गों को कलेक्टर निवास पर आमंत्रित किया जाएगा, जहाँ सभी एक परिवार की तरह साथ बैठकर भोजन करेंगे।

कलेक्टर श्रीमती यादव ने वृद्धजनों को झुमका डैम एवं जिले के अन्य प्राकृतिक एवं दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराने का आश्वाशन दिया, ताकि वे प्रकृति के बीच कुछ आनंददायक और यादगार पल बिता सकें।

कलेक्टर ने कहा कि वृद्धजन हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, जीवन-मूल्य और आशीर्वाद हमारी सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्हें केवल आवास, भोजन और चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपनापन, सम्मान और परिवार जैसा स्नेहपूर्ण वातावरण देना भी उतना ही आवश्यक है।

जिला प्रशासन इसी संवेदनशील सोच के साथ वृद्धजनों के जीवन को अधिक सुखद, सम्मानजनक और आनंदमय बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संस्था प्रबंधन को वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं को निरंतर बेहतर बनाए रखने तथा बुजुर्गों की आवश्यकताओं एवं भावनात्मक आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।
यह निरीक्षण केवल व्यवस्थाओं के मूल्यांकन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रशासन और बुजुर्गों के बीच आत्मीयता, विश्वास और सम्मान का एक भावपूर्ण संवाद बन गया, जिसने सभी के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी।

निरीक्षण के दौरान समाज कल्याण विभाग की जिला अधिकारी श्रीमती बी. तिर्की एवं युवा भारत के अधिकारी सुश्री चहल कैलाशिया उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.