कलेक्टर ने तहसील पटना के नवनिर्मित तहसील भवन का किया निरीक्षण कार्य में विलंब पर ठेकेदार को लगाई फटकार, 15 अगस्त से पूर्व निर्माण पूर्ण करने एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

kamrunvnisha

कलेक्टर ने तहसील पटना के नवनिर्मित तहसील भवन का किया निरीक्षण

कार्य में विलंब पर ठेकेदार को लगाई फटकार, 15 अगस्त से पूर्व निर्माण पूर्ण करने एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

कोरिया,
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्रीमती रोक्तिमा यादव ने आज तहसील पटना में निर्माणाधीन नवीन तहसील भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन के विभिन्न भागों का अवलोकन करते हुए निर्माण कार्य की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में अपेक्षित गति नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा 15 अगस्त से पूर्व हर हाल में भवन का निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए, ताकि भवन का उपयोग शीघ्र प्रारंभ किया जा सके।

कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि भवन का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप, गुणवत्तापूर्ण एवं टिकाऊ होना चाहिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर गुणवत्ता एवं प्रगति की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के उपरांत कलेक्टर ने तहसील कार्यालय का भी अवलोकन किया तथा तहसील के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मुलाकात कर राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने ई-कोर्ट एवं ई-ऑफिस प्रणाली का अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता एवं गति आए। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्ध ढंग से प्रकरणों का निराकरण करने तथा प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों एवं पक्षकारों को त्वरित एवं प्रभावी न्यायिक एवं राजस्व सेवाएँ उपलब्ध हो सकें।

कलेक्टर ने कहा कि आधुनिक अधोसंरचना के साथ-साथ तकनीक का प्रभावी उपयोग और समयबद्ध कार्य संस्कृति ही सुशासन की आधारशिला है। प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को जनहित सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के एसडीओ, एसडीएम बैकुण्ठपुर तथा तहसीलदार पटना उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.