कोरियाछत्तीसगढ़

कोरिया में सड़क विकास को मिली बड़ी सौगात, 88.51 करोड़ की लागत से बनेगा 13 किमी फोरलेन मार्ग

कोरिया में सड़क विकास को मिली बड़ी सौगात, 88.51 करोड़ की लागत से बनेगा 13 किमी फोरलेन मार्ग

बहुप्रतीक्षित खरवत चौक से जमगहना तक एनएच-43 होगा फोरलेन, राज्य शासन ने दी प्रशासकीय स्वीकृति

कोरिया, कोरिया जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने और आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में राज्य शासन ने बड़ी सौगात दी है। लोक निर्माण विभाग ने खरवत चौक (एनएच-43) के गेज नदी पुल से जमगहना मुख्य मार्ग (एनएच-43) तक 13 किलोमीटर लंबाई के फोरलेन सड़क निर्माण कार्य को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए 88 करोड़ 51 लाख 29 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

विधायक राजवाड़े के सतत प्रयास से बहुप्रतीक्षित मांग को मिली मंजूरी
क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही सड़क चौड़ीकरण की मांग को पूरा करने की दिशा में बैकुंठपुर विधायक श्री भईया लाल राजवाड़े के सतत प्रयास और कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव की महत्वपूर्ण पहल को अहम माना जा रहा है। सड़क चौड़ीकरण की आवश्यकता को शासन स्तर तक पहुंचाने और इस कार्य को प्राथमिकता दिलाने के प्रयासों के परिणामस्वरूप अब 13 किलोमीटर फोरलेन सड़क निर्माण का रास्ता साफ हुआ है।

यह मार्ग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण आवागमन मार्ग है। फोरलेन निर्माण से यातायात क्षमता में वृद्धि होने के साथ आवागमन अधिक सुगम और व्यवस्थित होने की उम्मीद है।

तकनीकी स्वीकृति के बाद शुरू होगी निविदा प्रक्रिया
शासन द्वारा जारी प्रशासकीय स्वीकृति के अनुसार तकनीकी स्वीकृति प्राप्त करने के बाद ही निविदा आमंत्रित की जाएगी। निर्माण कार्य प्रारंभ करने से पहले ड्राइंग एवं डिजाइन का सक्षम अधिकारी से अनुमोदन सुनिश्चित करना होगा। साथ ही निविदा प्रक्रिया कम से कम 90 प्रतिशत बाधारहित भूमि उपलब्ध होने पर ही की जाएगी।

गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष निर्देश
निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री और संपूर्ण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही अनुबंध के अनुसार निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करना होगा तथा अनावश्यक समय-वृद्धि नहीं दी जाएगी।

भू-अर्जन की प्रक्रिया भी होगी नियमानुसार
परियोजना में भू-अर्जन के लिए राशि का प्रावधान किया गया है। निजी भूमि के स्वामित्व, रकबे और लागू दरों की राजस्व विभाग के सक्षम स्तर से जांच के बाद ही भू-अर्जन की विधिवत कार्रवाई की जाएगी। शासन ने किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा अतिरिक्त व्यय के लिए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी निर्धारित की है।

विधायक राजवाड़े ने मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री भईया लाल राजवाड़े ने कहा कि क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण की आवश्यकता को लेकर वे लगातार शासन और सरकार के स्तर पर पत्राचार करते रहे हैं। उन्होंने महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्य की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अधोसंरचना विकास को लेकर संवेदनशील है। 13 किलोमीटर फोरलेन सड़क का निर्माण होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। सड़क चौड़ीकरण से बैकुंठपुर शहर और आसपास के क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।

कलेक्टर श्रीमती यादव ने कहा- यातायात व्यवस्था में होगा सुधार
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा कि प्रस्तावित सड़क निर्माण से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा। इससे आम नागरिकों के साथ-साथ व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को भी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ शीघ्र बैठक आयोजित कर सड़क निर्माण कार्य की आगामी कार्यवाही को आगे बढ़ाया जाएगा। बता दें कि राज्य शासन द्वारा यह प्रशासकीय स्वीकृति 01 सितंबर 2026 को लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *