कोरियाछत्तीसगढ़

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’ कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स गठित, गतिविधिवार नोडल अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

kamrun nisha

कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स गठित, गतिविधिवार नोडल अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने होंगी विविध गतिविधियां

कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स गठित, गतिविधिवार नोडल अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

*कोरिया, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा एवं समर्पण यात्रा के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी का स्वरूप देने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत सेवा, जनभागीदारी, नागरिक सहभागिता और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां जिले के ग्राम, वार्ड, विकासखंड एवं जिला स्तर पर आयोजित की जाएंगी।

राज्य शासन के निर्देशानुसार अभियान की सभी गतिविधियों के जिला स्तरीय समन्वय के लिए जिला प्रभारी अधिकारी नामांकित किया गया है। साथ ही प्रत्येक गतिविधि के लिए संबंधित नोडल विभाग के जिला अधिकारी को गतिविधिवार जिला नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव की अध्यक्षता में कलेक्टरेट सभाकक्ष में अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। उन्होंने सभी नोडल एवं सहयोगी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य स्तर से जारी क्रियान्वयन रूपरेखा एवं समय-सीमा के अनुरूप जिले की गतिविधिवार कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि विकासखंड एवं ग्राम/वार्ड स्तर तक मैदानी अमले के दायित्व पहले से निर्धारित किए जाएं, ताकि अभियान की प्रत्येक गतिविधि का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संबंधित नोडल विभागों द्वारा अपनी-अपनी गतिविधियों के लिए जारी विस्तृत निर्देशों का जिला स्तर पर पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि अधिकतम नागरिकों को सेवा, सहभागिता और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है।

17 सितंबर की शाम हर घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
अभियान का शुभारंभ ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगा। 17 सितंबर की शाम प्रत्येक परिवार को दीप प्रज्वलन के माध्यम से इस पहल से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। प्रत्येक दीप को 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प के प्रतीक के रूप में देखा जाएगा। मैदानी टीमें घर-घर पहुंचकर नागरिकों को इस पहल में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करेंगी।

बच्चों के सपनों से सामने आएगा विकसित भारत का विजन
‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल के अंतर्गत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक शासकीय एवं निजी विद्यालयों में विकसित भारत की संकल्पना और 25 वर्षों के सेवा कार्यों पर आधारित ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बच्चों की कल्पनाओं एवं विचारों को प्रदर्शनी के माध्यम से सामने लाया जाएगा तथा उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

‘नमो सेवा गाथा’ से गांव-गांव पहुंचेगी सेवा की कहानी
‘नमो सेवा गाथा’ के तहत 17 सितंबर से नुक्कड़ नाट्य प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से 25 वर्षों के सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की कहानियों को सरल एवं प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचाया जाएगा। 2 अक्टूबर को देश के 100 प्रमुख स्थलों पर विशेष मंचन प्रस्तावित है।

‘आंगन का उत्सव’ में माताओं और बच्चों से होगा संवाद
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इसमें माताओं एवं बच्चों की भागीदारी के साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण तथा महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में दी जाएगी। हितग्राही महिलाएं योजनाओं से अपने जीवन में आए बदलावों की कहानियां भी साझा करेंगी।

‘कहानी बदलाव की’ में सामने आएंगी हितग्राहियों की सफलता की कहानियां
अभियान के दौरान ‘कहानी बदलाव की’ पहल के तहत विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की वास्तविक सफलता की कहानियां संकलित की जाएंगी। प्रत्येक कहानी में हितग्राही का नाम, स्थान, संबंधित योजना और योजना से जीवन में आए बदलाव की जानकारी शामिल की जाएगी। इन कहानियों का डिजिटल डेटा बैंक भी तैयार किया जाएगा। योजनाओं के हितग्राहियों की सूची तैयार कर मैदानी टीमों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई प्रभावी ढंग से की जा सके।

‘सेवा मेरा योगदान’ से जुड़ेंगे नागरिक
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के अंतर्गत नागरिकों एवं संस्थाओं को विभिन्न सेवा गतिविधियों में सहभागी बनने का अवसर मिलेगा। नदी-घाट स्वच्छता सहित विभिन्न जनसेवा गतिविधियों को इसमें शामिल किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों, स्वैच्छिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं आम नागरिकों को सक्रिय रूप से अभियान से जोड़ा जाएगा।

‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ से मिलेगा योजनाओं का लाभ
‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के माध्यम से विधानसभा एवं विकासखंड स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देने, उन्हें योजनाओं से जोड़ने तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।

यात्रा, स्वच्छता और नवाचार से जुड़ेगी जनभागीदारी
अभियान के दौरान ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘जल जन सेवा संकल्प’, ‘रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ तथा ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसी गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं। ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के अंतर्गत परिवर्तनकारी स्थलों का भ्रमण तथा ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन 7 अक्टूबर को प्रस्तावित है।

सोशल मीडिया और स्थानीय मीडिया के माध्यम से होगा व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान की एकरूप पहचान के लिए केंद्र एवं राज्य स्तर से निर्धारित हैशटैग, फ्रेम, लोगो एवं प्रचार सामग्री का ही उपयोग किया जाएगा। जिले के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एवं स्थानीय मीडिया के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

हर गतिविधि का होगा फोटो-वीडियो अभिलेखीकरण
अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रत्येक गतिविधि का फोटो एवं वीडियो अभिलेखीकरण किया जाएगा। जिले की प्रगति का प्रतिवेदन निर्धारित प्रारूप में नियमित रूप से जनसंपर्क विभाग को भेजा जाएगा। राज्य स्तर पर अभियान की जिलेवार प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी।

कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान की सभी गतिविधियों को केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए उन्हें व्यापक जनभागीदारी का माध्यम बनाया जाए। उन्होंने अधिकारियों से व्यक्तिगत रुचि लेकर समयबद्ध कार्ययोजना के अनुरूप मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने कहा।

उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ सेवा, सहभागिता और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

जिला प्रशासन द्वारा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए अभियान को व्यापक एवं प्रभावी जनअभियान के रूप में संचालित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *