उदय शांति वृद्धा आश्रम का शुभारंभ बुजुर्गों को मिला सम्मान और अपनत्व का नया ठिकाना, स्वास्थ्य मंत्री ने किया शुभारंभ’
kamrun nisha
उदय शांति वृद्धा आश्रम का शुभारंभ
बुजुर्गों को मिला सम्मान और अपनत्व का नया ठिकाना, स्वास्थ्य मंत्री ने किया शुभारंभ’
25 सीटर आश्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा और ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ को समर्पित
स्वास्थ्य मंत्री ने फीता काटकर किया शुभारंभ, बुजुर्गों को गीता, शॉल एवं श्रीफल देकर किया सम्मानित
एमसीबी// आज एमसीबी जिले के नगर पंचायत झगराखांड के वार्ड क्रमांक 01 गेला झरिया दफाई, नॉर्थ जे.के.डी. में समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुदानित संस्था ग्राम विकास समिति द्वारा संचालित उदय शांति वृद्धा आश्रम का लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के कर-कमलों से फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया गया। ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के अंतर्गत आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में बुजुर्गों के सम्मान और उनके बेहतर जीवन के लिए संवेदनशील पहल की शुरुआत हुई।
इस अवसर पर कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, प्रभारी उप संचालक समाज कल्याण सुश्री अंजना रोस बेक, नई लेदरी नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा, झगराखांड नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीमा यादव, समस्त पार्षद सहित जनप्रतिनिधि, संस्था के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बुजुर्गों के लिए बना अपनत्व और सम्मान का नया आशियाना
उदय शांति वृद्धा आश्रम 25 सीटर है, जहां बुजुर्गों को सुरक्षित, सम्मानजनक और पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराने की पहल की गई है। आश्रम के शुभारंभ के अवसर पर प्रभारी उप संचालक समाज कल्याण सुश्री अंजना रोस बेक ने सभी अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि जिले में इस नए वृद्धा आश्रम का शुभारंभ बुजुर्गों के लिए संवेदनशील और मानवीय पहल है। उन्होंने बताया कि यह 25 सीटर आश्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा और आज से प्रारंभ ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत समर्पित किया गया है।
उन्होंने बताया कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा जिले के विभिन्न वृद्धा आश्रमों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य बुजुर्गों के आशीर्वाद और उनके अनुभवों को समाज की सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ना है।
कलेक्टर ने कहा: बुजुर्गों की हर जरूरत का रखा जाए ध्यान
कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने आश्रम के शुभारंभ पर उपस्थित सभी अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि 25 सीटर वृद्धा आश्रम का प्रारंभ जिले के लिए महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि आश्रम में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर जिला प्रशासन को तत्काल अवगत कराया जाए। उन्होंने बुजुर्गों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें समय-समय पर गार्डन, पर्यटन स्थल और बाजार भ्रमण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बुजुर्गों से कहा कि वे अपनी रुचि के अनुसार विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लें। सिलाई, खेलकूद, पढ़ना-लिखना अथवा अन्य रचनात्मक गतिविधियां करने के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया जाए। समाज कल्याण विभाग को नियमित रूप से विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने तथा योगाभ्यास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से बनेगा परिवार जैसा माहौल
नई लेदरी नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा ने वृद्धा आश्रम के शुभारंभ पर सभी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि आश्रम में गार्डनिंग, पढ़ाई, सिलाई सहित विभिन्न गतिविधियां निरंतर संचालित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों में उनका और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का हरसंभव सहयोग रहेगा। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों को ऐसे मानवीय कार्यों में आगे आकर सहयोग करना चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा: बुजुर्ग समाज की धरोहर, सेवा करना हम सभी का दायित्व
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने उदबोधन में कहा कि आज का दिन पूरे देश के लिए विशेष है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 25 वर्षों से देश और समाज की सेवा की है। इसी भावना के साथ इस वर्ष ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से सेवा कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बुजुर्ग समाज की धरोहर हैं और उनकी सेवा एवं देखभाल करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने समाज कल्याण विभाग एवं ग्राम विकास समिति द्वारा बुजुर्गों के लिए किए जा रहे इस प्रयास की सराहना की।
उन्होंने समाज कल्याण विभाग से कहा कि आज बुजुर्ग माताओं के हाथों जहां भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा, वहां उनके आशीर्वाद से देश के उज्ज्वल भविष्य और विजन 2047 के संकल्प को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की सेवा केवल एक संस्थागत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामाजिक और पारिवारिक दायित्व भी है। कई बार परिस्थितियों के कारण लोग अपने माता-पिता की उस तरह सेवा नहीं कर पाते, जैसी वे करना चाहते हैं। ऐसे में वृद्धा आश्रम उनके लिए सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस 25 सीटर आश्रम में जिले, प्रदेश और अन्य राज्यों से भी बुजुर्ग आ सकते हैं और यहां रहकर एक नए परिवार का अनुभव प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने आश्रम में बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए ओपन शौचालय निर्माण कराने के निर्देश दिए। साथ ही नगर पंचायत अध्यक्ष एवं जनप्रतिनिधियों से नियमित रूप से आश्रम का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने की अपील की।
उन्होंने आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों के लिए प्रत्येक सप्ताह कहीं न कहीं भ्रमण की व्यवस्था करने तथा पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन-पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
गीता, रामायण और हनुमान चालीसा भेंट कर किया सम्मान
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों के सम्मान के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंत में स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आश्रम में रहने आए बुजुर्ग माता-पिता से आत्मीयता से मुलाकात की और उनके हालचाल पूछे। उन्होंने बुजुर्गों को श्रीमदभगवदगीता, रामायण, हनुमान चालीसा तथा शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान वातावरण भावुक और आत्मीय हो गया। कार्यक्रम के अंत में ग्राम विकास समिति के प्रतिनिधियों एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

