कोरियाछत्तीसगढ़

आकाशीय बिजली ने छीनी जिंदगी,मदद को आगे आए अशोक जायसवाल

kamrun nisha

आकाशीय बिजली ने छीनी जिंदगी,मदद को आगे आए अशोक जायसवाल

तेज बारिश के बीच खेत में काम कर रहे नाबालिग की मौत; उप स्वास्थ्य केंद्र में एम्बुलेंस नहीं मिलने पर कांग्रेस नेता ने तत्काल उपलब्ध कराई मदद,शव जिला अस्पताल पहुंचाया

बैकुंठपुर/कोरिया जिले के ग्राम बड़े साल्ही में 17 सितंबर को तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक नाबालिग की खेत में ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया कि घटना के समय नाबालिग खेत में काम कर रहा था। अचानक गिरी बिजली ने परिवार की खुशियां छीन लीं और गांव में शोक का माहौल निर्मित हो गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की मदद से मृतक को उप स्वास्थ्य केंद्र बचरा पोंडी लाया गया। लेकिन वहां एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण शव को जिला अस्पताल पहुंचाने में परेशानी सामने आई।

इसी दौरान बड़े साल्ही निवासी सरवन ने पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कमेटी कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल को फोन कर स्थिति की जानकारी दी। सूचना मिलते ही अशोक जायसवाल ने तत्काल जिला अस्पताल प्रबंधन से संपर्क किया और बचरापोंडी के लिए एम्बुलेंस भेजने की व्यवस्था कराई।

एम्बुलेंस के पहुंचने के बाद मृतक के शव को सुरक्षित बैकुंठपुर जिला चिकित्सालय लाया गया,जहां उसे पोस्टमार्टम कक्ष में सुरक्षित रखवाया गया।

इसके बाद अशोक जायसवाल ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े होकर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की इस पहल को ग्रामीणों ने मानवीय संवेदना से जुड़ा कदम बताया।

एक हादसा परिवार को हमेशा के लिए गहरे दुख में छोड़ गया, लेकिन संकट की उस घड़ी में समय पर मिली मदद ने यह संदेश जरूर दिया कि संवेदन शीलता और सहयोग आज भी समाज की सबसे बड़ी ताकत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *