23 सितंबर को बैकुण्ठपुर में जिला स्तरीय आयुष स्वास्थ्य मेला एवं योग जनजागरूकता शिविर मेले में करेंगे विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण
kamrun nisha

23 सितंबर को बैकुण्ठपुर में जिला स्तरीय आयुष स्वास्थ्य मेला एवं योग जनजागरूकता शिविर
मेले में करेंगे विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण
कोरिया, / 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस 2026 एवं सेवा संकल्प अभियान के अवसर पर जिला कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के मार्गदर्शन में आयुष विभाग द्वारा 23 सितंबर 2026, बुधवार को जिला स्तरीय एक दिवसीय निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य मेला, योग जनजागरूकता शिविर एवं औषधि प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन सांस्कृतिक भवन, बैकुण्ठपुर में किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 8 बजे से 9 बजे तक योग एवं जनजागरूकता सत्र आयोजित होगा। इसमें ब्रह्मकुमारी बहनों एवं योग चिकित्सकों द्वारा ध्यान, प्राणायाम तथा षड्क्रिया के अंतर्गत जलनेति, सूत्रनेति एवं कुंजल क्रियाओं का प्रदर्शन एवं जानकारी दी जाएगी। वहीं प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयुष स्वास्थ्य मेला आयोजित होगा।
स्वास्थ्य मेले में आयुर्वेद, होम्योपैथी एवं यूनानी चिकित्सा पद्धति के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क औषधियां प्रदान की जाएंगी। शिविर में अग्निकर्म, जलौकाकर्म एवं नेत्र प्रक्षालन जैसी आयुष चिकित्सा प्रक्रियाओं के संबंध में भी जानकारी एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
इस अवसर पर औषधीय पौधों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें विभिन्न औषधीय पौधों की पहचान, उनके उपयोग एवं दैनिक जीवन में आयुर्वेद के महत्व की जानकारी आम नागरिकों को दी जाएगी। आयुर्वेद को दैनिक जीवन में अपनाने एवं इसके प्रचार-प्रसार के लिए शपथ कार्यक्रम तथा आयुर्वेद दिवस के अवसर पर संगोष्ठी का भी आयोजन किया जाएगा।
आयुष विभाग द्वारा सेवा संकल्प माह के दौरान जिले के विभिन्न स्थानों पर योग एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आरोग्य मंदिर उमझर, सरभोका, मनसुख, कटगोडी एवं बैकुण्ठपुर सहित योग वेलनेस सेंटर तथा एनसीडी क्लीनिक में योग प्रशिक्षकों, योग सहायकों एवं योग चिकित्सकों द्वारा नियमित योगाभ्यास कराया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त सेवा संकल्प माह के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय चिकित्सा शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं। 21 सितंबर को ग्राम गेजी, विकासखंड पोड़ी (बचरा) में चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. बसंत कुमार नोरगे ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि 23 सितंबर को सांस्कृतिक भवन, बैकुण्ठपुर में आयोजित जिला स्तरीय आयुष स्वास्थ्य मेला एवं योग जनजागरूकता शिविर में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सा परामर्श, औषधि एवं योग संबंधी गतिविधियों का लाभ उठाएं।

