कोरियाछत्तीसगढ़

जनदर्शन में नागरिकों ने रखीं समस्याएं, कलेक्टर ने दिए समयबद्ध निराकरण के निर्देश

kamrun nisha

जनदर्शन में नागरिकों ने रखीं समस्याएं, कलेक्टर ने दिए समयबद्ध निराकरण के निर्देश

दूरस्थ अंचलों से पहुंचे आवेदकों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को संवेदनशीलता से कार्रवाई के निर्देश

कोरिया, / कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिले के दूरस्थ एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने आवेदकों से संवाद कर उनके प्रकरणों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में वनपट्टा संबंधी जांच, मानदेय, त्रुटि सुधार, भूमि कब्जा हटवाने, पशु शेड निर्माण के लिए सहायता, शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने तथा रिकॉर्ड दुरुस्ती सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

कलेक्टर श्रीमती यादव ने अधिकारियों को आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समय पर दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन शासन और नागरिकों के बीच सीधे संवाद का माध्यम है। इसके माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखते हैं और संबंधित विभागों को उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं।

उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की नियमित समीक्षा करते हुए प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

जनदर्शन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री योगेंद्र श्रीवास, अपर कलेक्टर श्री डी.डी. मण्डावी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *