मतदाता सूची में जांचें अपना नाम, नए मतदाताओं के लिए पंजीयन का अवसर कोरिया में मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित; 11 दिसंबर तक लिए जाएंगे दावे और आपत्तियां
कमरून निशा
कोरिया,
मतदाता सूची में जांचें अपना नाम, नए मतदाताओं के लिए पंजीयन का अवसर
कोरिया में मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित; 11 दिसंबर तक लिए जाएंगे दावे और आपत्तियां
कोरिया, / भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के संदर्भ में निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम घोषित किया गया है। इसके तहत कोरिया जिले के सभी 316 मतदान केंद्रों में 12 नवंबर को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन किया गया। नागरिक 11 दिसंबर 2026 तक अपने दावे और आपत्तियां प्रस्तुत कर सकेंगे। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी मतदाताओं से अपने मतदान केंद्र में जाकर अथवा मतदाता सेवा पोर्टल पर मतदाता सूची में अपना नाम जांचने की अपील की है। आवेदन प्राप्त करने के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) एवं अभिहित अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
जिले की मतदाता सूची में 1 लाख 98 हजार 400 मतदाता
प्रारूप प्रकाशन के अनुसार जिले में कुल 1 लाख 98 हजार 400 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 99 हजार 358 पुरुष, 99 हजार 40 महिलाएं और 2 अन्य मतदाता शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 132 सेवा मतदाता हैं।
बैकुण्ठपुर विधानसभा क्षेत्र के 234 मतदान केंद्रों में 1 लाख 61 हजार 141 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 80 हजार 752 पुरुष, 80 हजार 387 महिलाएं तथा 2 अन्य मतदाता हैं। यहां सेवा मतदाताओं की संख्या 109 है।
भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र के कोरिया जिले में आने वाले आंशिक क्षेत्र के 82 मतदान केंद्रों में 37 हजार 259 मतदाता हैं। इनमें 18 हजार 606 पुरुष और 18 हजार 653 महिलाएं हैं। इस क्षेत्र में 23 सेवा मतदाता दर्ज हैं।
18 वर्ष पूरे करने वाले युवा कराएं पंजीयन
1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष पूरे करने वाले नागरिक भी अग्रिम आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
नया नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, प्रवासी भारतीय मतदाताओं के लिए फॉर्म-6ए, नाम हटाने अथवा आपत्ति के लिए फॉर्म-7 तथा संशोधन, स्थानांतरण और दिव्यांगता संबंधी चिन्हांकन के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जाएगा।
घर बैठे आवेदन और ई-एपिक डाउनलोड की सुविधा
नागरिक मतदाता सेवा पोर्टल अथवा ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पंजीकृत मतदाता अपना ई-एपिक भी डाउनलोड कर सकेंगे। मतदाता पहचान पत्र की भौतिक प्रति स्पीड पोस्ट अथवा बीएलओ के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। ECINET ऐप में ‘बुक ए कॉल विद ए बीएलओ’ सुविधा से अपने बूथ लेवल अधिकारी से बातचीत के लिए कॉल अनुरोध भी भेजा जा सकता है।
मतदाता पंजीयन संबंधी सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। निर्वाचन कार्यालय ने ऐसे सभी पात्र नागरिकों से आवेदन करने की अपील की है, जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है।
राजनीतिक दलों को दी गई मतदाता सूची की प्रति
प्रारूप प्रकाशन के अवसर पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें मतदाता सूची की एक-एक प्रति निःशुल्क प्रदान की गई।
बैठक में जिला उप निर्वाचन अधिकारी, भाजपा के जिला मंत्री शारदा प्रसाद गुप्ता, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप गुप्ता, बसपा के कोषाध्यक्ष श्री रामदास साहू, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के सदस्य श्री कैलाश प्रसाद यादव तथा आम आदमी पार्टी के कोरबा लोकसभा उपाध्यक्ष श्री दिनेश कुमार उपस्थित रहे।
