Thursday, November 12, 2026
Latest:
कोरियाछत्तीसगढ़

छठ महापर्व को लेकर गढेलपारा में उत्साह, गेज नदी घाट पर तैयारियां जोरों पर कमरून निशा

छठ महापर्व को लेकर गढेलपारा में उत्साह, गेज नदी घाट पर तैयारियां जोरों पर
जय छठी मैया सेवा समिति की अध्यक्ष अन्नपूर्णा प्रभाकर सिंह ने कहा – आस्था के इस महापर्व में स्वच्छता, सेवा और सामाजिक एकता बैकुंठपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर गढेलपारा सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। पर्व को लेकर गढेलपारा स्थित गेज नदी छठ घाट पर जय छठी मैया सेवा समिति द्वारा तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। घाट की साफ-सफाई, रंग-रोगन, साज-सज्जा, प्रकाश व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न कार्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। समिति के सदस्य आयोजन को सफल एवं व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार जुटे हुए हैं।
जय छठी मैया सेवा समिति की अध्यक्ष अन्नपूर्णा प्रभाकर सिंह ने बताया कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, लोक आस्था और प्रकृति की उपासना का अद्भुत पर्व है। यह पर्व परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य एवं बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना के लिए पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ मनाया जाता है। छठव्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए लगभग 36 घंटे का निर्जला उपवास रखकर भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना करते हैं।
उन्होंने कहा कि छठ पूजा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ अगले दिन उदीयमान सूर्य की उपासना की जाती है। बांस के सूप और दउरा में फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना सहित पारंपरिक पूजन सामग्री सजाकर जल में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया जाता है। यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, स्वच्छता, संयम, समर्पण और परिवार के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देता है। छठ महापर्व से जुड़ी अनेक प्राचीन धार्मिक कथाएं और मान्यताएं हमारी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।चार दिनों तक चलेंगे धार्मिक अनुष्ठान इस वर्ष छठ महापर्व 13 नवंबर से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा। 13 नवंबर, शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ पर्व का शुभारंभ होगा। 14 नवंबर, शनिवार को खरना के दिन व्रती गुड़ की खीर एवं रोटी का प्रसाद तैयार कर पूजा-अर्चना करेंगे। 15 नवंबर, रविवार को संध्या के समयअस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। वहीं 16 नवंबर, सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य देकर व्रत का समापन एवं पारण किया जाएगा।सामाजिक एकता और सेवा का प्रतीक है छठ महापर्वअन्नपूर्णा प्रभाकर सिंह ने कहा कि छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज को एक सूत्र में बांधने वाला पर्व भी है। इस अवसर पर सभी वर्गों के लोग आपसी भेदभाव भुलाकर एक साथ घाट पर पहुंचते हैं और परिवार तथा समाज की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। उन्होंने नगरवासियों, युवाओं, महिलाओं एवं सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे छठ घाट की साफ-सफाई और आयोजन की व्यवस्थाओं में बढ़-चढ़कर सहयोग करें।उन्होंने बताया कि छठव्रतियों की सुविधा, घाट की स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सहभागिता को ध्यान में रखते हुए जय छठी मैया सेवा समिति द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर के सहयोग से भी स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। सभी के सामूहिक सहयोग से ही इस पावन पर्व को सफल एवं व्यवस्थित बनाया जा सकता है।
अन्नपूर्णा प्रभाकर सिंह ने समस्त नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए गढेलपारा स्थित गेज नदी छठ घाट पर सपरिवार पहुंचकर पूजा-अर्चना में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग, सहभागिता और सेवा भावना से यह पर्व सामाजिक एकता एवं भाईचारे का सुंदर उदाहरण बनेगा।