ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति में निरंतरता के लिए सामूहिक प्रयास जरूरीकलेक्टर कोरिया श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जारी किए आवश्यक दिशा-निर्देश
कमरून निशा
कार्यालय जिला पंचायत कोरिया
ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति में निरंतरता के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी
कलेक्टर कोरिया श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जारी किए आवश्यक दिशा-निर्देश
बैकुण्ठपुर दिनांक – क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक है कि ग्रामीण विकास के लिए संचालित महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति में निरंतरता बनी रहे। इसके लिए सभी के सामूहिक प्रयास और समयबद्ध क्रियान्वयन की आवश्यकता होगी। उक्ताशय के विचार व्यक्त करते हुए जिले की कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की जनहितकारी योजनाओं के आगामी समय में बेहतर क्रियान्वयन के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जनपद पंचायतों को जारी उक्त निर्देशों के अनुसार आगामी समय में समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन हेतु निर्देश जारी किए गए हैं। कमजोर एवं वंचित वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करना
विकसित ग्राम पंचायत कार्ययोजना महत्वपूर्ण
जिले की कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने वीबी जीरामजी योजना के अंतर्गत प्रत्येक ग्राम पंचायत में आगामी पांच वर्षों के लिए बन रही कार्ययोजना यानी वीजीपीपी के लिए सभी को सहभागिता से कार्य करने के निर्देश दिए हैं। वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांगजन, एकल महिलाओं एवं महिलाओं सहित सभी कमजोर एवं वंचित वर्गों को अधिकाधिक जोड़कर उन्हें रोजगार के अवसर देकर सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ही वीजीपीपी की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। पूर्व में आयोजित बैठक में तकनीकी टीम को पंद्रह नवम्बर तक लॉगिन कर बाउंड्री चेक करने एवं एक कार्य सेव करने के निर्देश दिए गए थे। इसके पश्चात ग्राम की संपत्तियों को जोड़ने एवं अन्य प्रक्रियाओं को पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया है। उन्होने सभी तकनीकी अधिकारियों और कार्यक्रम अधिकारियों को यह कार्यवाही सर्वोच्च प्राथमिकता देकर समय पर पूर्ण करने के निर्देश जारी किए हैं।
जलदूत ऐप में पोस्ट मानसून एंट्री
कलेक्टर कोरिया द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार तकनीकी सहायकों को आगामी एक सप्ताह में जलदूत ऐप में पोस्ट मानसून एंट्री किए जाने के निर्देश दिए गए है। उन्होने जिले में जलसंरक्षण के लिए कराए जा रहे कार्यों की सतत निगरानी और इसके लाभदायक परिणामों की गणना में इस एप्प पर पोस्ट मानसून इंट्री को बेहद महत्वपूर्ण बतलाते हुए समय पर इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में आवासों की पूर्णता
विदित हों कि कृषि के चरम मौसम में वीबीजीरामजी के प्रावधानों के अनुसार अभी अल्पविराम चल रहा है। वर्तमान में वीबी जीरामजी योजना के कार्यो की रोक की अवधि का जनपद स्तरीय पूरी टीम को समय का सदुपयोग करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अपूर्ण आवासों को पूर्ण कराने में करने के निर्देश दिए हैं। उन्होने कहा है कि अब आवास पूर्ण करने का उपयुक्त समय है वर्षा समाप्त हो चुकी है और कृषि कार्यों के साथ ही जिन आवासों में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या नहीं है, उन्हें विशेष अभियान चलाकर शीघ्र पूर्ण कराया जाए।
आजीविका डबरी में लाइवलीहुड लेयरिंग
श्रीमती रोक्तिमा यादव ने आजीविका डबरी में लाइवलीहुड लेयरिंग का कार्य एनआरएलएम के साथ समन्वय स्थापित करते हुए किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होने कहा है कि आजीविका डबरियों में मछली पालन, सब्जी उत्पादन आदि आजीविका संबंधी गतिविधियों को क्रियान्वित किए जाने के लिए एनआरएलएम के साथ समन्वय स्थापित कर आजीविका की अन्य गतिविधियों की कार्ययोजना तैयार की जाए। इसके अंतर्गत फार्म एवं नॉन-फार्म गतिविधियों को शामिल किया जाए। इन गतिविधियों के माध्यम से वीबी-जी रामजी अंतर्गत कार्यों को स्वीकृत कराकर समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए।
लंबित भुगतान, क्षमता निर्माण एवं प्रशिक्षण
कलेक्टर कोरिया के निर्देश पर जिला पंचायत सीईओ श्री योगेन्द्र श्रीवास ने सभी जनपद पंचायतों को योजनाओं के अंतर्गत सामग्री एवं मजदूरी से संबंधित लंबित बिलों को शीघ्र कोषालय में जमा कराकर नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होने टीम को क्षमता निर्माण हेतु आयोजित किए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आगामी 15 नवंबर के पश्चात जिला स्तर पर एक दिवसीय समीक्षा सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की कार्ययोजना तैयार कर राज्य स्तर को सूचित किए जाने के निर्देश भी दिए हैं।
संलग्न – प्रगतिरत कार्य।

