स्थानीय हुनर से रोशन हो दीपावली, कलेक्टर रोक्तिमा ने खरीदे मिट्टी के दीये और झालर स्व-सहायता समूहों और कुम्हार परिवारों से दीये खरीदने की अपील, जिलेवासियों को दी पर्व की शुभकामनाएं
कमरून निशा

स्थानीय हुनर से रोशन हो दीपावली, कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा ने खरीदे मिट्टी के दीये और झालर
स्व-सहायता समूहों और कुम्हार परिवारों से दीये खरीदने की अपील, जिलेवासियों को दी पर्व की शुभकामनाएं
कोरिया, दीपावली की तैयारियों के बीच कोरिया कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने स्व-सहायता समूह द्वारा लगाए गए स्टॉल से मिट्टी के दीये और आकर्षक झालर खरीदे। समाज कल्याण विभाग, बैकुंठपुर के सामने लगाए गए इस स्टॉल पर पहुंचकर उन्होंने स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की और जिलेवासियों को भी स्थानीय हुनर से अपना घर रोशन करने का संदेश दिया।

कलेक्टर श्रीमती यादव ने जिले एवं नगरवासियों से अपील की कि इस दीपावली स्व-सहायता समूहों और स्थानीय कुम्हार परिवारों द्वारा निर्मित मिट्टी के दीये खरीदें। स्थानीय उत्पादों की खरीदारी से इन परिवारों की मेहनत को सम्मान और उनकी आजीविका को सहयोग मिलेगा।
कलेक्टर ने जिलेवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने किसानों और ग्रामीणों सहित सभी नागरिकों से अपील की कि अंधकार से उजाले की ओर बढ़ने की प्रेरणा देने वाले इस पर्व पर जिले के विकास में अपनी भागीदारी का संकल्प लें। सभी के सहयोग और सहभागिता से कोरिया को विकास की हर दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है।
