कोरियाछत्तीसगढ़

जनजातीय संस्कृति और गौरव से सजेगा कोरिया, 16 नवंबर को जिला स्तरीय समारोह

कमरून निशा

जनजातीय संस्कृति और गौरव से सजेगा कोरिया, 16 नवंबर को जिला स्तरीय समारोह

प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम की अध्यक्षता में होगा आयोजन, लोकनृत्य और प्रदर्शनियों में दिखेगी जनजातीय विरासत

15 नवंबर को राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से करेंगे संबोधित

कोरिया, / भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में कोरिया जिले में 16 नवंबर को दोपहर 3 बजे से स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, खरवत में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम की अध्यक्षता में होने वाले समारोह में जनजातीय कला, संस्कृति, परंपराओं और विकास योजनाओं की झलक दिखाई देगी।

कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने आयोजन की तैयारियों एवं सुचारु संचालन के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। समारोह में लोककला एवं लोकनृत्य की प्रस्तुतियों के साथ जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक व्यंजन और हस्तशिल्प की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। जनजातीय हट्स एवं देवगुड़ी का प्रदर्शन भी होगा। अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी। संबंधित विभागों को हितग्राहियों की उपस्थिति एवं सामग्री वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

15 नवंबर को सुबह 11 बजे से राष्ट्रीय कार्यक्रम
जनजातीय गौरव दिवस का राष्ट्रीय आयोजन 15 नवंबर को महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में होगा। प्रधानमंत्री प्रातः 11 बजे से आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से सहभागी होकर जनसभा को संबोधित करेंगे। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अपर कलेक्टर एवं सहायक आयुक्त को जिला पंचायत सभाकक्ष में तैयारी करने के निर्देश दिए हैं साथ ही जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों सहित आमजन की वर्चुअल सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा जनजातीय गौरव दिवस के छठवें आयोजन तथा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर 1 से 15 नवंबर तक देशभर में जनजातीय गौरव पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इसका समापन गढ़चिरौली के राष्ट्रीय कार्यक्रम के साथ होगा।

विद्यार्थियों को जनजातीय विरासत से जोड़ेंगी विविध गतिविधियां
जिले में 14 से 18 नवंबर तक शासकीय संस्थानों, आश्रम-छात्रावासों एवं विद्यालयों में प्रभात फेरी, जनजागरूकता यात्रा और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। वाद-विवाद, रंगोली, चित्रकला एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को जनजातीय गौरव और विरासत से परिचित कराया जाएगा।

आदि सेवा केंद्रों में आदि साथी, आदि सहयोगी एवं मास्टर ट्रेनर्स के सहयोग से गतिविधियां होंगी। जनजातीय महापुरुषों तथा स्वतंत्रता संग्राम के नायक-नायिकाओं के चित्रों पर माल्यार्पण किया जाएगा।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री योगेन्द्र श्रीवास को आयोजन का नोडल अधिकारी तथा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, बैकुंठपुर श्रीमती दीपिका नेताम को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।