गौ अष्टमी के पावन अवसर पर गौमाताओं का विधि-विधान से पूजन, चना-गुड़ खिलाकर की गौसेवा
kamrun nisha

गौ अष्टमी के पावन अवसर पर गौमाताओं का विधि-विधान से पूजन, चना-गुड़ खिलाकर की गौसेवा
बैकुंठपुर। आज गौ अष्टमी के पावन एवं शुभ अवसर पर प्रेमा बाग ग्राउंड परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ गौमाता का पूजन एवं सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर देवरहा बाबा सेवा समिति के अध्यक्ष शैलेष शिवहरे, गौ सेवा अध्यक्ष अनुराग दुबे, योग अध्यक्ष एवं बैकुंठपुर नगरपालिका पार्षद सहित बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिकों एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थितजनों ने विधि-विधान से गौमाताओं का पूजन-अर्चन कर उन्हें चना एवं गुड़ खिलाया तथा गौमाता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर उपस्थितजनों ने गौसेवा के महत्व को बताते हुए कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग हैं। उनकी सेवा, संरक्षण एवं सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।

गौ अष्टमी के इस पावन अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम गौसेवा, धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का सुंदर संदेश दे गया।

