Friday, September 18, 2026
Latest:
कोरियाछत्तीसगढ़

स्कूल शिक्षा सचिव ने शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल का किया निरीक्षण, बेहतरीन अधोसंरचना तैयार करने हेतु दिए जरूरी दिशा-निर्देश

कमरून निशा


पढ़ई तुंहर दुआर के तहत किये नवाचार सिनेमा वाले बाबू को देख हुए खुश, प्रदेश में इस मॉडल को अपनाये जाने का दिया सुझाव
कोरिया 08 सितंबर 2020/ स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव डॉ आलोक शुक्ला ने आज कलेक्टर श्री एस एन राठौर के साथ बैकुंठपुर स्थित सेंट जोसेफ इंग्लिश मीडियम स्कूल, निर्माणाधीन शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल बैकुंठपुर एवं चिरमिरी का अवलोकन किया। नगर पालिक निगम चिरमिरी क्षेत्र के भ्रमण के दौरान मनेन्द्रगढ़ विधायक डॉ विनय जायसवाल भी मौजूद रहे। स्कूल शिक्षा सचिव डॉ शुक्ला ने बैकुंठपुर और चिरमिरी में निर्माणाधीन स्कूलों में बेहतरीन अधोसंरचना तैयार करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सुविधायुक्त कक्षाओं के साथ ही कम्प्यूटर व साइंस लैब एवं लाइब्रेरी हेतु बनाये जा रहे कक्षों का विशेष रूप से अवलोकन किया। सभी कमरों में विद्युत व्यवस्था के साथ ही प्राकृतिक रोशनी भी पर्याप्त मिल सके, ऐसी व्यवस्था की जाये। उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य प्रदेश के बच्चों को अंग्रेजी माध्यम में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं ऐसी अधोसंरचना प्रदान करना है, जो बच्चों के सर्वांगीण विकास में मददगार हो।
भ्रमण के दौरान स्कूल शिक्षा सचिव डॉ शुक्ला ने राज्य शासन द्वारा संचालित पढ़ई तुंहर दुआर कार्यक्रम के तहत जिले के शिक्षकों द्वारा इस कोरोना काल में भी पढ़ाई जारी रखने के लिए किये गए अभिनव प्रयासों का अवलोकन कर प्रशंसा की। विकासखंड बैकुण्ठपुर के प्राथमिक शाला, सलबा में सिनेमा वाले बाबू नवाचार को देख उन्होंने इसे एक अद्भुत मॉडल बताया और पूरे प्रदेश में इस मॉडल के जरिए पढ़ाई शुरू करने की बात कही।
उन्होंने शिक्षक श्री लोधी से सिनेमा वाले बाबू की शुरूआत की जानकारी ली। सिनेमा वाले बाबू नाम से मशहूर शिक्षक श्री अशोक लोधी ने बताया कि एलईडी टीवी और यूट्यूब वीडियो के माध्यम से बच्चों की शिक्षा का बीड़ा उठाया। वे अपनी मोटरसाइकिल में टीवी, इन्वर्टर के पूरे सेटअप के साथ गांव-मोहल्ले में क्लास लेते हैं। इसके साथ ही उन्होंने बाइस्कोप नुमा उपकरण तैयार किया है, जिसके अंदर कहानी के चित्र लगाए गए हैं। बच्चे इसमें देख कर कहानी का पाठ करते हैं। इसी तरह विकासखंड खड़गवां के बंजारीडांड स्थित प्राथमिक शाला, मांझापारा में लूडो के माध्यम से बच्चों को गणित की शिक्षा दी जा रही है। यहां बच्चों के लिए लाइब्रेरीनुमा बांस से बने स्टैंड में पाठ्यक्रम से अलग रोचक व ज्ञानवर्धक किताबें रखी गयी हैं। साथ ही साथ प्राथमिक शाला, मांझापारा, स्कूलपारा एवं दुबछोला में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अन्य गतिविधियां जैसे पेंटिंग, क्ले मॉडल, ड्रॉइंग, चार्ट मेकिंग, पॉटरी आदि के जरिये नित नई चीजें सिखाई जा रही हैं। स्कूल शिक्षा सचिव डॉ शुक्ला जिला प्रशासन एवं शिक्षकों के इन अद्भुत नवाचारों के देख बेहद खुश हुए एवं बधाई प्रेषित की है। शिक्षकों द्वारा स्मृति चिन्ह के रूप में खुमरी एवं झांपी स्कूल शिक्षा सचिव एवं कलेक्टर को दी गई।
इस अवसर पर एसडीएम बैकुण्ठपुर एवं खड़गवां-चिरमिरी, जिला शिक्षा अधिकारी, डीएमसी समग्र शिक्षा मिशन, नगर पालिक निगम आयुक्त एवं संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *