खनिजों के अवैध परिवहन करते 15 वाहन जप्त, लगभग 1 लाख रूपये का अर्थदण्ड भी

कमरुन निशा


कोरिया 12 सितंबर 2020/ खनि अधिकारी ने बताया कि कलेक्टर श्री एस एन राठौर के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन को नियंत्रित करने के हेतु खनि अधिकारी एवं खनि अमला के द्वारा नियमित रूप से वाहनों की आकस्मिक जांच की जा रही है और खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते पाये जाने पर संबंधित वाहनों एवं कर्मचारियों पर नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में विगत 8 सितंबर को बैकुण्ठपुर तहसील क्षेत्र में बैकुण्ठपुर, पटना, डुमरिया मार्गों पर वाहनों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के 71(5) के तहत खनिज मुरूम, गिट्टी, रेत का अवैध परिवहन करते पाये जाने पर कुल 10 वाहनों को जप्त कर वाहनों को समीपस्थ थाना प्रभारी पटना की अभिरक्षा में रखा गया।
इसी तरह विगत 9 सितंबर को खनि निरीक्षक एवं खनिज अमला के द्वारा छिन्दडांड एवं महाराजपुर का निरीक्षण कर नियमानुसार कार्यवाही करते हुए खनिज रेत, मिट्टी, ईंट का अवैध परिवहन करते पाये जाने पर कुल 5 वाहनों को जप्त कर वाहनों को समीपस्थ थाना प्रभारी नागपुर एवं चरचा की अभिरक्षा में रखा गया। उक्त प्रकरणों में वाहन मालिकों पर नियमानुसार लगभग 1 लाख रूपये का अर्थदण्ड आरोपित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.