Saturday, October 17, 2026
Latest:
छत्तीसगढ़रायपुर

बजट में हुई अनदेखी से नाराज पुलिस परिवार फिर कर सकते हैं आंदोलन

:
कमरून निशा
रायपुरI भूपेश सरकार के दूसरे बजट ने जहां कुछ वर्गों को खुश किया है तो वहीं कई वर्गों में निराशा बढ़ा दी है. प्रदेश के पुलिसकर्मियों का परिवार भी उनमें से एक है. पुलिसकर्मियों के लिए बजट में कोई खास प्रावधान नहीं होने से नाराजगी है और जल्द ये लोग फिर आंदोलन कर सकते हैं. पुलिसकर्मियों के परिजनों ने पिछली सरकार के समय विरोध का बिगुल फूंका था. काम के घंटे निर्धारित करने, साप्ताहिक अवकाश जैसे कई मांगों को लेकर पुलिसकर्मियों के परिजनों ने धरना दिया था, जिससे रमन सिंह सरकार सकते में आ गई थी उस दौरान बडी संख्या में पुलिसकर्मियों पर कार्यवाही भी की गई थी.
तब विपक्ष में रही कांग्रेस ने पुलिसकर्मियों के परिवारों को समर्थन देकर उनकी 11 सूत्रीय मांगों को सत्ता में आने के बाद पूरा करने का वादा किया था, लेकिन 2 बजट पेश करने के बाद भी उनकी मांगों पर कोई खास ध्यान नहीं दिया गया. इतना ही नहीं जिन पुलिसकर्मियों पर कार्यवाही हुई थी वो भी वापस नहीं ली गई है, जिससे नाराज पुलिसकर्मियों के परिजन एक बार फिर आंदोलन की रुपरेखा तैयार कर रहे हैं.
न केवल पुलिस परिवार बल्कि कई सरकारी कर्मचारियों का संगठन सरकार से नाराज चल रहा है और अपनी मांगों को लेकर मुखर हो रहे हैं. ऐसे में ये सभी आने वाले समय में सरकार के लिए मुसीबतें खड़ी करने वाले हैं.