Wednesday, September 23, 2026
कोरियाछत्तीसगढ़

हाई स्कूल मुरमा के विद्यार्थियों ने किया कमाल शत-प्रतिशत प्रथम श्रेणी परिणाम पर मना उत्सव

kamrun nisha

शत-प्रतिशत प्रथम श्रेणी परिणाम पर मना उत्सव

कोरिया, जून 2025/ कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी के मार्गदर्शन में शुरू ‘मिशन 100’ के तहत बैकुंठपुर विकासखण्ड के शासकीय हाई स्कूल मुरमा ने शिक्षा सत्र 2024-25 की हाई स्कूल परीक्षा में शत-प्रतिशत विद्यार्थियों के प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होने की उपलब्धि पर शाला प्रवेश उत्सव एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री उदय सिंह एवं विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी श्री जितेन्द्र गुप्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर संस्था की प्राचार्य श्रीमती ज्योतिसिना कुजूर, संकुल समन्वयक श्री सुशील शुक्ला, विद्यालय के समस्त शिक्षक, अभिभावक एवं छात्रगण शामिल हुए।

विद्यालय की छात्रा कु. काजल ने कक्षा 10वीं में 94% अंक अर्जित कर जिला की वरीयता सूची में चौथा स्थान प्राप्त किया। जनपद अध्यक्ष द्वारा काजल समेत प्रथम तीन स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को 1100-1100 रुपए नकद एवं मेडल प्रदान किए गए। साथ ही संकुल समन्वयक श्री सुशील शुक्ला द्वारा काजल को 5000 रुपए का विशेष नगद पुरस्कार भेंट किया गया।

जिला शिक्षा अधिकारी श्री जितेन्द्र गुप्ता ने बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने हेतु एक स्मार्ट टीवी देने की घोषणा की, जिससे विद्यालय में तकनीकी संसाधनों की वृद्धि होगी। उन्होंने शिक्षकों को डायरी और विद्यार्थियों को पेन भेंट कर प्रोत्साहित किया।

अध्यापकों को मिलेगा सम्मान
विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम और शिक्षक-समर्पण को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने 15 अगस्त को संस्था प्राचार्य एवं संकुल समन्वयक को जिला स्तरीय सम्मान देने की घोषणा भी की।

वृक्षारोपण की पहल
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत सभी अतिथियों, पालकों व विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया, जिससे पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश गया।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन और स्वागत गीत से हुई। मंच संचालन शिक्षिका श्रीमती वंदना शर्मा द्वारा किया गया।कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य श्रीमती ज्योतिसिना कुजूर ने सभी अतिथियों, पालकों एवं विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भविष्य में विद्यालय की और भी ऊँचाइयों तक पहुँचने की उम्मीद जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *