धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का जीवन प्रेरणादायी-मंत्री श्री राजेश अग्रवालजनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर कोरिया जिले में हुआ भव्य आयोजन

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का जीवन प्रेरणादायी-मंत्री श्री राजेश अग्रवाल
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर कोरिया जिले में हुआ भव्य आयोजन Kamrun Nisha
कोरिया, नवम्बर 2025/
भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर आज कोरिया जिले में जनजातीय गौरव दिवस बड़े उल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन को सुनकर हुई। प्रधानमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के महान जीवन, संघर्ष और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी में जनजातीय समुदाय ने असाधारण साहस और बलिदान का परिचय दिया है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह हम सबके लिए गर्व का क्षण है कि हम स्वतंत्रता संग्राम के महान योद्धा और ‘धरती आबा’ भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा को जनजातीय समाज ‘भगवान’ का दर्जा देता है और उनके अमर योगदान के कारण उन्हें ‘धरती का पिता’ कहा जाता है।
मंत्री श्री अग्रवाल ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वर्ष 2021 में 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ घोषित करने के ऐतिहासिक निर्णय का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा इस दिवस को अविस्मरणीय बनाने के लिए जनजातीय बाहुल्य ग्रामों, विकासखंडों, जिलों और राज्य स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें लोक कला महोत्सव, नृत्य प्रतियोगिता, जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का सम्मान, योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए विशेष शिविर, प्रभात फेरी, जनजागरूकता यात्राएँ और विभिन्न सांस्कृतिक व शैक्षणिक प्रतियोगिताएँ शामिल हैं।
इस वर्ष राज्य स्तरीय आयोजन सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में आयोजित किया जा रहा है। मंत्री श्री अग्रवाल ने प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए गए पीएम जनमन अभियान और धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इन अभियानों ने विशेष रूप से कमजोर जनजाति समूहों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उत्कृष्ट कार्य के लिए जिले को राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला है।
उन्होंने यह भी बताया कि नवा रायपुर में निर्मित शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का लोकार्पण हाल ही में प्रधानमंत्री द्वारा किया गया है, जहाँ छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक जनजातीय कान्तियों का जीवंत प्रदर्शन किया गया है।
भारत सरकार द्वारा जनजातीय भाषाओं के संरक्षण हेतु विकसित एआई आधारित एप में अब गोंडी भाषा भी शामिल कर ली गई है, जिससे जनजातीय भाषाओं के संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदाय का संघर्ष और स्वतंत्रता में योगदान अविस्मरणीय है। युवा पीढ़ी, जनप्रतिनिधियों, आदि कर्मयोगियों, शिक्षकों तथा समाज के प्रबुद्ध वर्ग से उन्होंने आह्वान किया कि वे गाँव-गाँव और शैक्षणिक संस्थानों में जनजागरूकता बढ़ाएँ और जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से लोगों को प्रेरित करें।
अंत में उन्होंने कहा कि 15 नवंबर को विशेष ग्रामसभा आयोजित कर ग्राम विकास कार्ययोजना पर सार्थक चर्चा करना और उसे मूर्त रूप देना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इसके पहले स्टालो का निरीक्षण किया है और देवगुडी का विधिवत पूजा भी किया। आदिवासी समाज प्रमुखों को मंच में सम्मानित किया गया तथा पात्र हितग्राहियों को हितग्राही मूलक सामग्रियों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर भरतपुर-सोनहत विधायक श्रीमती रेणुका सिंह ने देश की आजादी और विकास में जनजाति समाज के योगदान के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी, वरिष्ठ गणमान्य नागरिक श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, जिलेवासी व विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.