अखिल भारतीय शेषन स्मृति 50वां गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट स्वर्ण जयंती समारोह के अंतर्गत प्रतियोगिता के दूसरे दिन का दूसरा मुकाबला

kamrun nisha

जिला कोरिया बैकुंठपुर,चरचा कॉलरी। अखिल भारतीय शेषन स्मृति 50वां गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट स्वर्ण जयंती समारोह के अंतर्गत प्रतियोगिता के दूसरे दिन का दूसरा मुकाबला समलेश्वरी स्पोर्टिंग, संबलपुर (ओडिशा) एवं आरटी बॉयज, हैदराबाद (तेलंगाना) के मध्य खेला गया। मैच को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। दूसरे दिन के मुख्य अतिथि जयप्रकाश सोनी रहे। उनके साथ मंच पर हेमसागर यादव, धर्मेंद्र सिंह, जितेंद्र श्रीवास्तव, धर्मवीर सिंह, प्रवीण डहेरिया, महेश कुमार यादव, मो. रियाज अहमद, पत्रकार अंकित अग्रवाल, तपेश्वर प्रसाद, संदीप कुमार, थाना प्रभारी प्रमोद पाण्डेय सहित अन्य गणमान्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि द्वारा दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर राष्ट्रीय गान के साथ मैच का शुभारंभ कराया गया। मैच के शुरुआती क्षणों से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। खेल के 10वें मिनट में समलेश्वरी स्पोर्टिंग, संबलपुर (ओडिशा) के जर्सी नंबर 6 हरिदास ने शानदार गोल दागकर अपनी टीम को 1–0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद आरटी बॉयज, हैदराबाद के खिलाड़ियों ने बराबरी के लिए कई आक्रमण किए, लेकिन ओडिशा टीम की मजबूत रक्षापंक्ति ने हर प्रयास को विफल कर दिया। ओडिशा टीम ने लगातार दबाव बनाए रखते हुए मध्यांतर से ठीक 3 मिनट पूर्व जर्सी नंबर 11 लाल रंती लुंगा ने शानदार गोल कर स्कोर 2–0 कर दिया। मध्यांतर तक समलेश्वरी स्पोर्टिंग, संबलपुर ने 2–0 की बढ़त बनाए रखी। मध्यांतर के बाद दोनों टीमें पुनः मैदान पर उतरीं। दूसरे हाफ में भी ओडिशा की टीम ने हैदराबाद पर लगातार दबाव बनाए रखा, वहीं हैदराबाद की टीम ने पलटवार करते हुए गोल करने के कई प्रयास किए। मुकाबला रोमांचक मोड़ पर बना रहा और दर्शकों ने दोनों टीमों के खेल की जमकर सराहना की। मैच समाप्त होने तक हैदराबाद तेलंगाना टीम ने एक भी गोल नहीं कर पाया। जिससे संबलपुर टीम जीत के करीब पहुंच गई।इसी प्रकार समलेश्वरी स्पोर्टिंग संबलपुर ओडिशा ने 2-0 से आरटी बॉयज, हैदराबाद तेलंगाना को हराया।मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार समलेश्वरी स्पोर्टिंग संबलपुर ओडिशा के खिलाड़ी जर्सी नंबर 6 हरिदास को जयप्रकाश सोनी के हाथों दिया गया।टूर्नामेंट के कमिश्नर अनिल कचेर हैं। मैच के रेफरी पप्पू कुमार रहे, जबकि एआर-1 आकाश पटवा, एआर-2 भरत कुमार, एआर-4 प्रफुल्ल कुमार एवं अतिरिक्त निर्णायक विजय विश्वकर्मा रहे। ग्राउंड मैनेजमेंट व फिजियोथैरेपी में मो. रफीक की अहम भूमिका रही। आयोजन समिति में अध्यक्ष सह क्षेत्र प्रबंधक संजय कुमार, उपाध्यक्ष संदीप कुमार, सचिव मो. रियाज, सह-सचिव तपेश्वर प्रसाद एवं प्रवीन डेहरिया तथा कोषाध्यक्ष महेश कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आयोजकों ने नगरवासियों एवं खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने तथा इस ऐतिहासिक स्वर्ण जयंती प्रतियोगिता को सफल बनाने की अपील की है। आज का मुकाबला स्पोर्टिंग एर्थोटी रांची झारखंड एवं एफ सी जान इन्फाल मणिपुर के बीच खेला जाएगा, जिसे लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.