झुमका जलाशय पूरी तरह सुरक्षित, अफवाहों पर प्रशासन का कड़ा खंडन सुरक्षा सर्वोपरि- प्रशासन की निगरानी में झुमका हाउस बोट संचालन व्यवस्थित

kamrun nisha

झुमका जलाशय पूरी तरह सुरक्षित, अफवाहों पर प्रशासन का कड़ा खंडन

सुरक्षा सर्वोपरि- प्रशासन की निगरानी में झुमका हाउस बोट संचालन व्यवस्थित

कोरिया, मई, 2026/ झुमका जलाशय में संचालित हाउस बोट और बोटिंग गतिविधियों को लेकर हाल ही में प्रसारित भ्रामक समाचारों पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है।

डिप्टी कलेक्टर एवं सचिव झुमका वाटर टूरिज्म सोसायटी द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि झुमका क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां पूरी तरह सुरक्षित, नियंत्रित एवं व्यवस्थित हैं।

प्रशासन के अनुसार हाउस बोट का संचालन अनुबंध की शर्तों के अनुरूप किया जा रहा है तथा इस पर नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बोट क्लब में पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट एवं लाइफ बॉय उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही समय-समय पर सभी बोट्स का विस्तृत सुरक्षा ऑडिट भी कराया जाता रहा है।

प्रशासन ने मीडिया में प्रसारित शराबखोरी, गंदगी एवं दुर्घटना की आशंका से संबंधित खबरों को पूरी तरह निराधार और भ्रामक बताया है। हालांकि, प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए हाउस बोट संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, ताकि तथ्यों की पुष्टि कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। नोटिस में सुरक्षा नियमों के पालन में लापरवाही, दो माह का लंबित किराया एवं नशीले पदार्थों के उपयोग की शिकायतों का उल्लेख किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दो दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत किया जाए और बकाया राशि जमा की जाए, अन्यथा अनुबंध निरस्ती की कार्रवाई की जाएगी।

इधर, हाल ही में अन्य स्थान पर हुई जल दुर्घटना को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में झुमका जलाशय में सभी बोट्स का पुनः सुरक्षा ऑडिट कराया जा रहा है। सुरक्षा प्रक्रिया को निर्बाध रूप से पूरा करने हेतु 03 मई 2026 से आगामी आदेश तक बोटिंग गतिविधियों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

प्रशासन ने दोहराया है कि पर्यटकों की सुरक्षा के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.