सुशासन तिहार में गांव-गांव पहुंच रहा प्रशासन, करहियाखांड़ शिविर में उमड़ा जनसैलाब विधायक भईया लाल राजवाड़े ने योजनाओं का लाभ लेने की अपील की कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने कहा-सुदूर अंचलों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ

कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा-सुदूर अंचलों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ

शिविर में रामपुर-प, छिंदिया, तेन्दुआ, चिरगुड़ा, करजी, डुमरिया, रनई, जमडी, बरदिया, कटोरा, करहियाखांड़, सोरगा, खोंड, टेमरी, टेंगनी, बिलारो, पिपरा, गिरजापुर एवं सावांरावां ग्रामों के नागरिक उपस्थित रहे।

साय सरकार में तेजी से हो रहा विकास-विधायक श्री राजवाड़े
बैकुंठपुर विधानसभा के विधायक श्री भइया लाल राजवाड़े ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए की सहायता राशि सीधे उनके खातों में प्रदान की जा रही है। साथ ही गरीब परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने का कार्य भी प्राथमिकता से किया जा रहा है।

उन्होंने ग्रामीणों से पीएम सूर्यघर योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर अपने जीवन को समृद्ध बनाने की अपील की।

प्रशासन आपके द्वार पहुंचकर कर रहा समस्याओं का समाधान-कलेक्टर
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार पूरे जिले में सुशासन तिहार के तहत क्लस्टरवार जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। प्रशासन स्वयं गांवों तक पहुंचकर नागरिकों की समस्याएं सुन रहा है और उनके निराकरण की प्रक्रिया सुनिश्चित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ सुदूर अंचलों में निवासरत पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है। कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर समय-सीमा में निराकरण करें तथा आवेदकों को इसकी जानकारी भी दें।

योजनाओं का लाभ लें-श्रीमती राजवाड़े
जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना राजवाड़े ने ग्रामीणों से योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने का आग्रह किया तथा अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

अधिकारियों ने दी योजनाओं की जानकारी
शिविर में समाज कल्याण विभाग द्वारा कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण प्रदाय योजना, विवाह प्रोत्साहन योजना, मोटराइज्ड ट्रायसायकल पंजीयन, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महतारी वंदन योजना, नोनी सुरक्षा योजना, नवाबिहान योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, पोषण अभियान, महिला स्व-सहायता समूह सशक्तिकरण, किशोरी बालिका योजनाएं एवं कुपोषण मुक्ति अभियान जैसी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। अन्य विभागों के अधिकारियों ने भी विभागीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार करते हुए पात्र हितग्राहियों को लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

हितग्राही मूलक सामग्रियों का वितरण
शिविर स्थल पर विभिन्न लाभार्थियों को विधायक, कलेक्टर व जनप्रतिनिधियों ने
हितग्राही मूलक सामग्रियों का वितरण किया। मछली जाल, बुजुर्गों को छड़ी, प्रधानमंत्री आवास की चाबी, आयुष्मान कार्ड, किसान किताब, जन्म प्रमाण पत्र आदि शामिल थे।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, जिला पंचायत, जनपद पंचायत सदस्यों, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी- कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.